रायपुर से राजिम तक नई ट्रेनों का शेड्यूल जारी, कुरूद तक पटरी बिछाने का काम पूरा

रायपुर। रायपुर से राजिम तक ट्रेन सेवा को लेकर बड़ी अपडेट सामने आई है। रेलवे ने इस रूट पर चलने वाली नई ट्रेनों का शेड्यूल जारी कर दिया है और जल्द ही इनके संचालन की तैयारी शुरू कर दी जाएगी। इसके साथ ही अभनपुर से कुरूद तक करीब 22 किलोमीटर तक रेलवे पटरी बिछाने का कार्य पूरा हो चुका है। फिलहाल इस रूट पर ओएचई (बिजली लाइन) और सिग्नलिंग सिस्टम की जांच की जा रही है।
इस कार्य के बाद रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी खुद ट्रेन चलाकर ट्रैक की गुणवत्ता की जांच करेंगे। इसके बाद कोलकाता से सीआरएस (रेलवे सुरक्षा आयुक्त) की टीम आएगी और फाइनल निरीक्षण करेगी। सीआरएस से हरी झंडी मिलने के बाद कुरूद तक ट्रेन चलाने का रास्ता साफ हो जाएगा। रेलवे अधिकारियों को 31 अगस्त 2025 तक सभी कार्य पूरे करने का लक्ष्य दिया गया है।
कुरूद से धमतरी तक रेलवे पटरी बिछाने का काम तेजी से चल रहा है। इस पूरी रेल परियोजना से रायपुर से धमतरी तक की करीब 25 लाख की आबादी को सीधा लाभ मिलेगा। केंद्री से धमतरी और अभनपुर से राजिम तक कुल 67 किलोमीटर तक बड़ी रेल लाइन बिछाई जा रही है, जिस पर रेलवे ने लगभग 550 करोड़ रुपये की मंजूरी दी है।
इस रूट पर अभनपुर, कुरूद और धमतरी को बड़े स्टेशन के रूप में विकसित किया जा रहा है। इसके अलावा चटौद, सिर्री, सारसापुरी और सांकरा गांवों में पैसेंजर हाल्ट बनाए जा रहे हैं। पूरा रूट नवा रायपुर के केंद्री स्टेशन से जुड़ा होगा। हालांकि, रेलवे का मार्च 2022 तक काम पूरा करने का लक्ष्य था, लेकिन अब तक केवल कुरूद तक ही काम पूरा हो पाया है।





