एसबीआई की कैशियर 2.06 करोड़ के गबन में गिरफ्तार, रिकॉर्ड में हेराफेरी कर 8 महीने से थी फरार

बिलासपुर जिले की बिल्हा स्थित एसबीआई शाखा में 2 करोड़ 6 लाख 37 हजार रुपए के गबन के मामले में निलंबित महिला कैशियर को एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पिछले आठ महीने से फरार चल रही थी।
जांच में सामने आया कि शाखा में पदस्थ कैशियर तेजवथ थीरापतम्मा ने अन्य कर्मचारियों के साथ मिलकर बैंक रिकॉर्ड और खातों में छेड़छाड़ की। हेराफेरी के जरिए बड़ी रकम का गबन किया गया। बैंक खातों में जमा राशि में अंतर आने के बाद शाखा प्रबंधक पीयूष बारा ने विभागीय जांच शुरू कराई, जिसमें आर्थिक अनियमितता की पुष्टि हुई।
जांच रिपोर्ट मुख्यालय भेजे जाने के बाद आरोपी कैशियर को निलंबित कर रिजनल बिजनेस ऑफिस, जगदलपुर में अटैच किया गया था। जून 2025 में निलंबन के बाद उसने न तो नई पदस्थापना स्थल पर जॉइन किया और न ही शाखा में उपस्थित हुई। इसके बाद से वह फरार थी।
शाखा प्रबंधक की शिकायत पर एसीबी ने 19 जनवरी 2026 को आरोपी और अन्य के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 की धाराओं 13(1)(ए), 13(2) तथा भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया।
एसीबी ने विभागीय जांच रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू की। बिल्हा शाखा में मुखबिर भी तैनात किया गया था। गुरुवार को सूचना मिली कि आरोपी बैंक परिसर में आई है। टीम ने तत्काल पहुंचकर घेराबंदी की और उसे गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर लेने की प्रक्रिया की जा रही है। मामले की आगे की जांच जारी है।





