धमतरी में अवैध प्लाटिंग पर सख्ती, सरकारी जमीन पर बनाई सड़क तोड़ी गई

छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में अवैध प्लाटिंग के खिलाफ प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए बुलडोजर चलाया। हटकेश्वर क्षेत्र में की गई इस कार्रवाई के दौरान अवैध रूप से बनाई गई सड़क को ध्वस्त कर दिया गया और मौके पर मौजूद निर्माण सामग्री को जब्त कर लिया गया।
यह कार्रवाई स्थानीय विधायक के निरीक्षण और सख्त निर्देशों के बाद की गई। निरीक्षण के दौरान अवैध प्लाटिंग को लेकर विवाद की स्थिति भी बनी थी, जिसके बाद प्रशासन को तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
जांच में सामने आया कि भू-माफियाओं ने प्लाटिंग तक पहुंचने के लिए सिंचाई विभाग की सरकारी जमीन पर मुरूम डालकर अवैध सड़क तैयार कर ली थी। इसके अलावा बांस-बल्ली लगाकर रास्ते को घेरने की भी कोशिश की गई थी।
प्रशासन के अनुसार संबंधित लोगों ने बिना भूमि डायवर्सन कराए कृषि भूमि का स्वरूप बदल दिया और अवैध विकास कार्य शुरू कर दिया था। इस संबंध में पहले भी नोटिस जारी कर काम रोकने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन इसका पालन नहीं किया गया।
इसके बाद प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए अवैध निर्माण को हटाया और संबंधित लोगों को भविष्य में बिना अनुमति प्लाटिंग नहीं करने की सख्त चेतावनी दी है।





