बिहार में नीतीश सरकार ने ‘सात निश्चय-3’ के तहत ‘सबका सम्मान–जीवन आसान’ पहल शुरू

पटना। बिहार सरकार ने ‘सात निश्चय-3 (2025-30)’ के तहत ‘सबका सम्मान–जीवन आसान (Ease of Living)’ पहल की शुरुआत की है। इस योजना का मुख्य उद्देश्य राज्य के लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी को आसान और सुरक्षित बनाना है। खासतौर पर सड़कों पर पैदल चलने वालों की सुरक्षा और सुविधा को प्राथमिकता दी जा रही है।
20 नवंबर 2025 को नई सरकार के गठन के बाद यह नई चरणबद्ध योजना लागू की गई। सात निश्चयों में शामिल सातवां निश्चय ‘सबका सम्मान–जीवन आसान’ है, जिसका लक्ष्य आम नागरिकों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
परिवहन विभाग को जारी अहम निर्देश
सरकार का कहना है कि राज्य में तेजी से विकास हो रहा है और लोगों की आय बढ़ने के कारण दोपहिया और चारपहिया वाहनों की संख्या लगातार बढ़ रही है। ऐसे में सड़कों पर पैदल यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना जरूरी हो गया है।
बिहार परिवहन विभाग को इस दिशा में कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए हैं।
इन बातों पर रहेगा विशेष ध्यान
1.फुटपाथ निर्माण – शहरी क्षेत्रों और भीड़भाड़ वाले स्थानों को चिन्हित कर जल्द से जल्द फुटपाथ बनाए जाएंगे।
2.जेब्रा क्रॉसिंग – चिन्हित स्थानों पर पैदल यात्रियों के लिए जेब्रा क्रॉसिंग बनाई जाएगी।
3.फुट ओवरब्रिज/अंडरपास – प्रमुख स्थानों पर फुट ओवरब्रिज, एस्केलेटर और अंडरपास का निर्माण किया जाएगा।
4.वाहन चालकों का प्रशिक्षण – सरकारी और निजी वाहन चालकों को पैदल यात्रियों के अधिकारों के प्रति संवेदनशील बनाने के लिए प्रशिक्षण दिया जाएगा।
5.ब्लैक स्पॉट की पहचान – ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में दुर्घटना संभावित ‘ब्लैक स्पॉट’ चिन्हित कर वहां फुटपाथ निर्माण और CCTV कैमरे लगाए जाएंगे।
सरकार ने निर्देश दिए हैं कि इन सभी सुविधाओं को जल्द से जल्द लागू किया जाए, ताकि राज्य की सड़कों पर पैदल चलने वाले लोगों को सुरक्षित और सम्मानजनक माहौल मिल सके।





