रोहित शेट्टी फायरिंग केस में नेपाल कनेक्शन, शूटर्स को एटीएम के जरिए मिला पेमेंट

बॉलीवुड के मशहूर फिल्ममेकर रोहित शेट्टी के घर पर हुई फायरिंग मामले में जांच के दौरान अंतरराष्ट्रीय कनेक्शन के संकेत मिले हैं। मुंबई क्राइम ब्रांच की पड़ताल में सामने आया है कि हमले को अंजाम देने वाले शूटर्स तक फंडिंग नेपाल से जुड़ी कड़ी के जरिए पहुंचाई गई थी।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, शूटर्स के बैंक खातों में सीधे पैसे जमा कराए गए थे। जांच में पता चला है कि इन खातों में रकम एटीएम के माध्यम से अलग-अलग स्थानों से जमा की गई। ट्रांजैक्शन पैटर्न को खंगालने पर नेपाल से जुड़े फंडिंग नेटवर्क के संकेत मिले हैं।
मामले में ‘आगरा मॉड्यूल’ का भी खुलासा हुआ है। बताया जा रहा है कि आगरा के कुछ युवकों ने साजिश को अंजाम देने में अहम भूमिका निभाई। प्रारंभिक जांच के अनुसार, फंडिंग की व्यवस्था नेपाल से की गई, जबकि स्थानीय स्तर पर नेटवर्क ने शूटर्स तक रकम पहुंचाई।
इस हाई-प्रोफाइल मामले में अब तक 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस ने शूटर्स को पकड़ने के साथ ही हथियार भी बरामद कर लिए हैं। फाइनेंशियल ट्रेल की गहराई से जांच के लिए संबंधित बैंकों से खातों की विस्तृत स्टेटमेंट मांगी गई है।
क्राइम ब्रांच की विशेष टीमें मामले के मास्टरमाइंड तक पहुंचने के लिए अंतरराज्यीय और अंतरराष्ट्रीय एंगल से जांच कर रही हैं। पुलिस का कहना है कि डिजिटल और बैंकिंग साक्ष्यों के आधार पर जल्द ही साजिश के पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा।





