रायपुर में पेट्रोल पंप पर लूट: चोरी की बाइक से आया युवक, कैश से भरा बैग छीनकर भागा; गिरफ्तार

रायपुर। राजधानी रायपुर के रायपुरा क्षेत्र स्थित वर्धमान फ्यूल्स पेट्रोल पंप में कैश से भरे बैग की लूट की वारदात सामने आई है। यह घटना 17 जुलाई की रात लगभग 11:30 बजे हुई, जब महिला कर्मचारी ड्यूटी पर तैनात थी। एक युवक पेट्रोल डलवाने के बहाने आया, रेकी की और कुछ देर बाद वापस लौटकर महिला के पास रखा बैग झपट्टा मारकर छीन ले गया।
घटना की शिकायत डीडी नगर थाने में दर्ज कराई गई। महिला कर्मचारी डोमेश्वरी साहू, जो सत्यम विहार कॉलोनी, रायपुरा की निवासी हैं, ने बताया कि वह पेट्रोल पंप पर कार्यरत हैं। आरोपी ने पहले पेट्रोल डलवाया और आसपास की गतिविधियों पर नजर रखी। फिर मौका देखकर लूट को अंजाम देकर फरार हो गया।
CCTV फुटेज की जांच के बाद पुलिस ने आरोपी की पहचान कर ली। वह सिविल लाइन का रहने वाला इन्तेशाल खान निकला। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि उसने वारदात के लिए खम्हारडीह से चोरी की गई बाइक का इस्तेमाल किया था। पुलिस ने आरोपी के पास से लूटी गई नकदी और बाइक समेत कुल 50 हजार रुपये मूल्य का सामान बरामद किया है। डीडी नगर पुलिस ने इस कार्रवाई को अंजाम देकर मामले का खुलासा कर दिया है। फिलहाल आरोपी से आगे की पूछताछ की जा रही है।





