सड़क हादसा: मजदूरी के लिए जा रही महिला को बस ने मारी टक्कर, मौके पर मौत

बिलासपुर, तखतपुर |
सोमवार सुबह तखतपुर क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें मजदूरी के लिए पैदल जा रही महिला की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा इतना भयानक था कि क्षेत्र में कुछ देर के लिए हड़कंप मच गया।

ग्राम विंध्यासर निवासी 50 वर्षीय लक्ष्मीबाई वस्त्रकार, अपने पति शिवकुमार वस्त्रकार के साथ रोज़ की तरह काठाकोनी क्षेत्र में मजदूरी के लिए जा रही थीं। इसी दौरान काठाकोनी पुल के पास दीप ट्रेवल्स की एक तेज रफ्तार बस ने उन्हें पीछे से टक्कर मार दी।

टक्कर लगने के बाद लक्ष्मीबाई गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें तत्काल स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

हादसे के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया है। घटना की जानकारी मिलते ही तखतपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, हादसे के बाद कुछ देर के लिए सड़क पर अफरा-तफरी और आक्रोश का माहौल बन गया था। ग्रामीणों ने प्रशासन से बस संचालन और लापरवाह चालकों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button