सड़क हादसा: खड़े ट्रेलर से टकराई रॉयल बस, 16 यात्री घायल

बिलासपुर। बिलासपुर जिले के रतनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत नेशनल हाईवे पर दर्री पारा के पास बुधवार सुबह करीब 5:30 बजे एक भीषण सड़क हादसा हो गया। बिहार से रायपुर की ओर जा रही एक रॉयल यात्री बस सड़क किनारे खड़े एक ट्रेलर से जा टकराई। टक्कर इतनी तेज थी कि बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई और कुछ ही देर में मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
हादसे में बस में सवार कुल 16 यात्री घायल हुए हैं। इनमें से 11 यात्रियों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जबकि अन्य यात्रियों को भी चोटें आई हैं। दुर्घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। सूचना मिलते ही रतनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।
सभी घायलों को तत्काल रतनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां डॉक्टरों की टीम ने प्राथमिक उपचार किया। गंभीर रूप से घायल यात्रियों की स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए सिम्स और बिलासपुर के अन्य अस्पतालों में रेफर किया गया। अस्पताल में इलाज के दौरान घायलों के परिजनों की भीड़ लगी रही।
घटना की जानकारी मिलते ही रतनपुर थाना प्रभारी स्वयं घटनास्थल और अस्पताल पहुंचे तथा हालात का जायजा लिया। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण बस की तेज रफ्तार और सुबह के समय कम दृश्यता माना जा रहा है। पुलिस ने ट्रेलर चालक और बस चालक से पूछताछ शुरू कर दी है और पूरे मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।





