आरआई भर्ती परीक्षा पेपर लीक मामला: EOW ने 3000 पन्नों का चालान पेश किया

रायपुर। आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (EOW) ने वर्ष 2024 की राजस्व निरीक्षक (आरआई) विभागीय भर्ती परीक्षा में कथित धांधली मामले में विवेचना पूरी कर 3000 पन्नों का प्रथम चालान 17 फरवरी 2026 को माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया है।
यह कार्रवाई अपराध क्रमांक 64/2025 के तहत की गई है, जिसमें धारा 420, 467, 468, 471, 120-बी भा.द.वि. तथा भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 (संशोधित 2018) की धारा 7(सी) के अंतर्गत मामला दर्ज है। इस प्रकरण में आरोपी विरेन्द्र जाटव और हेमंत कुमार कौशिक (दोनों सहायक सांख्यिकी अधिकारी) के विरुद्ध चालान पेश किया गया है।
परीक्षा से पहले ही लीक हुआ प्रश्नपत्र
विवेचना में सामने आया है कि 7 जनवरी 2024 को आयोजित परीक्षा से पहले ही प्रश्नपत्र लीक कर चुनिंदा अभ्यर्थियों को रकम के बदले उपलब्ध कराया गया। आरोप है कि वरिष्ठ अधिकारी के आवास पर प्रश्नपत्र टाइप किया गया और बाद में उसे अनधिकृत रूप से अभ्यर्थियों तक पहुंचाया गया।
जांच में पुष्टि हुई है कि 100 से अधिक अभ्यर्थियों को प्रश्नपत्र मिला। डिजिटल साक्ष्यों से यह भी स्पष्ट हुआ कि विभिन्न माध्यमों से पटवारी अभ्यर्थियों तक प्रश्न पहुंचाए गए और बदले में राशि ली गई।
होटल, फार्म हाउस और रिजॉर्ट में करवाई गई ‘तैयारी’
जांच एजेंसी के अनुसार अलग-अलग जिलों से आए अभ्यर्थियों को रायपुर के विभिन्न होटलों, फार्म हाउस और रिजॉर्ट में ठहराया गया। वहां आरोपियों और उनके रिश्तेदारों ने अभ्यर्थियों को प्रश्न पढ़कर नोट कराए। परीक्षा से पहले लिखित सामग्री जलाने के निर्देश भी दिए गए ताकि साक्ष्य नष्ट हो सकें।
सीडीआर विश्लेषण में परीक्षा से ठीक पहले 6 जनवरी की रात आरोपियों और कई अभ्यर्थियों की लोकेशन एक ही स्थान पर पाई गई। टावर लोकेशन से यह संकेत मिला कि परीक्षा पूर्व रात में अलग-अलग स्थानों पर जाकर प्रश्न सामग्री उपलब्ध कराई गई।
उत्तर-पैटर्न में समानता
जांच में यह भी पाया गया कि साथ ठहरे अभ्यर्थियों के परीक्षा परिणामों में उल्लेखनीय समानता थी। उनके अंकों के साथ-साथ उत्तर पुस्तिकाओं में सही और गलत जवाबों का पैटर्न भी समान पाया गया, जिससे एक ही उत्तर-कुंजी के आधार पर तैयारी के संकेत मिले।
आगे की जांच जारी
प्रकरण में मनी ट्रेल सहित अन्य संभावित संलिप्त अधिकारियों, राजस्व निरीक्षकों और व्यक्तियों की भूमिका की जांच जारी है। दंड प्रक्रिया संहिता की धारा 173(8) के तहत विवेचना आगे भी जारी रहेगी।
7 जनवरी 2024 को पटवारी से राजस्व निरीक्षक (आरआई) बनने के लिए विभागीय परीक्षा आयोजित की गई थी। 90 पदों के लिए 2600 से अधिक पटवारी शामिल हुए थे। 29 फरवरी 2024 को परिणाम घोषित हुआ, जिसमें 216 पटवारियों का चयन प्रशिक्षण के लिए किया गया था।





