पीएम सूर्यघर योजना की प्रगति की समीक्षा, कलेक्टर ने बैंकों और बिजली विभाग को दिए सख्त निर्देश

प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के प्रभावी क्रियान्वयन और प्रगति की समीक्षा के लिए कलेक्ट्रेट में बैठक आयोजित की गई। कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने योजना के तहत प्राप्त आवेदनों, स्वीकृत प्रकरणों, सब्सिडी की स्थिति और स्थापित सोलर रूफटॉप सिस्टम की विस्तार से जानकारी ली।
बैठक में छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड के अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में कार्य की गति बढ़ाने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने बैंकवार लक्ष्य की समीक्षा करते हुए स्पष्ट कहा कि पात्र हितग्राहियों को ऋण देने में किसी प्रकार की देरी नहीं होनी चाहिए।
भारतीय स्टेट बैंक की अपेक्षाकृत धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए योजना को गंभीरता से लेने और आम लोगों को सही व स्पष्ट जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर ने कहा कि योजना का अधिक से अधिक लाभ लोगों तक पहुंचे, इसके लिए व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाया जाए। गांव और वार्ड स्तर पर शिविर आयोजित कर लोगों को योजना की जानकारी दी जाए। तकनीकी स्वीकृति, ऋण स्वीकृति और सब्सिडी वितरण की प्रक्रिया में अनावश्यक विलंब न हो और सभी कार्य निर्धारित समय सीमा में पूर्ण किए जाएं।
बैठक में यह भी तय किया गया कि सभी बैंक और संबंधित विभाग प्रत्येक सप्ताह अपनी प्रगति रिपोर्ट जिला कार्यालय में प्रस्तुत करेंगे, जिससे योजना की सतत निगरानी सुनिश्चित हो सके और पात्र हितग्राहियों को समय पर लाभ मिल सके। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, लीड बैंक मैनेजर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और बैंक प्रतिनिधि उपस्थित रहे।





