महिला और बाल विकास योजनाओं की समीक्षा बैठक सम्पन्न: संभागायुक्त ने दिए जरूरी निर्देश

बिलासपुर: संभागायुक्त सुनील जैन की अध्यक्षता में महिला एवं बाल विकास विभाग की योजनाओं को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में कुपोषण मिटाने और महिलाओं को सशक्त बनाने पर खास जोर दिया गया।
संभागायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बच्चों, गर्भवती और धात्री महिलाओं को समय पर और अच्छी गुणवत्ता वाला पोषण जरूर उपलब्ध कराया जाए। आंगनबाड़ी केंद्रों की साफ-सफाई, बच्चों की शुरुआती शिक्षा (प्री-स्कूल) और पोषण ट्रैकर ऐप का 100% उपयोग सुनिश्चित करने को भी कहा गया।
गंभीर और मध्यम कुपोषित बच्चों को इलाज के लिए एनआरसी (पोषण पुनर्वास केंद्र) भेजने और सारंगढ़-बिलाईगढ़ व गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही जिलों में नए एनआरसी केंद्र खोलने के निर्देश भी दिए गए। साथ ही रिक्त पदों पर जल्द भर्ती करने और निर्माण कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने की बात कही गई।
महतारी वंदन योजना, पीएम मातृ वंदना योजना, सुकन्या समृद्धि, नोनी सुरक्षा और कन्या विवाह जैसी अन्य योजनाओं की भी समीक्षा की गई और अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक में सभी जिलों के संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।





