बलौदाबाजार में प्रभारी मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल की समीक्षा बैठक, अधिकारियों को योजनाओं में लापरवाही न बरतने के निर्देश

बलौदाबाजार। स्वास्थ्य मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने बुधवार को जिला पंचायत सभाकक्ष में जिले के अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली। बैठक में उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन और विकास कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि सरकार की मंशा है कि योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। इसके लिए जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई गई है। उन्होंने अधिकारियों को साफ चेतावनी दी कि योजनाओं के क्रियान्वयन या जनता की समस्याओं के समाधान में लापरवाही बरतने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी और सीएमएचओ को नियमित रूप से स्कूलों और अस्पतालों का निरीक्षण करने और कमियों को तुरंत दूर करने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि यदि किसी कार्य के लिए शासन स्तर पर मंजूरी की जरूरत हो तो तत्काल प्रस्ताव भेजें, इसमें देरी नहीं होगी।
प्रभारी मंत्री ने ग्राम पंचायतों में विकास कार्यों की योजना बनाकर प्रस्ताव तैयार करने को कहा। वहीं नगरीय निकायों में सड़क, पेयजल, बिजली, नाली और साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
बैठक में उन्होंने नई योजना “वीबी-जी राम जी” की जानकारी देते हुए कहा कि यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत संकल्प को पूरा करने में मील का पत्थर साबित होगी। इस योजना के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को 125 दिनों का रोजगार मिलेगा और भुगतान एक सप्ताह के भीतर किया जाएगा। इसके साथ ही ग्रामीण इलाकों में अधोसंरचना से जुड़े कार्य भी किए जाएंगे, जिनमें तकनीक का उपयोग कर पारदर्शिता सुनिश्चित की जाएगी।
धान खरीदी की समीक्षा करते हुए उन्होंने उपार्जन केंद्रों से धान के उठाव में तेजी लाने, खरीदी की सीमा बढ़ाने और छूटे हुए किसानों के रकबे में संशोधन के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वास्तविक किसानों का एक-एक दाना धान खरीदा जाएगा।
पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की समीक्षा के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना में किश्त जारी होने के बाद भी निर्माण शुरू नहीं होने पर उन्होंने नाराजगी जताई और जनपद सीईओ को एक माह के भीतर निर्माण कार्य शुरू कराने के निर्देश दिए।
स्वास्थ्य विभाग को टीबी और सिकल सेल मरीजों की शत-प्रतिशत स्क्रीनिंग कराने तथा शासकीय अस्पतालों से अनावश्यक रूप से मरीजों को निजी अस्पतालों में रेफर न करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने कहा कि राजस्व कार्यों में पारदर्शिता लाने के लिए सरकार तकनीक के उपयोग को बढ़ावा दे रही है। उन्होंने आरआई और पटवारियों को संवेदनशीलता के साथ फील्ड में काम करने और लोगों को छोटे-छोटे कामों के लिए परेशान न करने के निर्देश दिए। शिकायत मिलने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी दी।
बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष आकांक्षा जायसवाल, कलेक्टर दीपक सोनी और पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।





