प्रसिद्ध अभिनेता मनोज कुमार का निधन, पीएम मोदी और आरएसएस ने जताया शोक

मुंबई। बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता मनोज कुमार का शुक्रवार तड़के मुंबई के कोकिलाबेन अस्पताल में निधन हो गया। वह 87 वर्ष के थे और पिछले कुछ दिनों से हृदय संबंधी समस्याओं से जूझ रहे थे। सुबह 3:30 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन से सिनेमा जगत और पूरे देश में शोक की लहर है।

देशभक्ति फिल्मों के लिए जाने जाते थे ‘भारत कुमार’

मनोज कुमार को देशभक्ति से जुड़ी फिल्मों के लिए ‘भारत कुमार’ कहा जाता था। उन्होंने “शहीद”, “उपकार”, “पूरब और पश्चिम” जैसी कई यादगार फिल्में दीं, जिन्होंने राष्ट्रीय गौरव और देशभक्ति की भावना को प्रज्वलित किया। उनकी फिल्मों का संदेश आज भी लोगों के दिलों में जिंदा है।

आरएसएस ने दी श्रद्धांजलि

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) ने उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। आरएसएस के अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख सुनील आंबेकर ने कहा, “मनोज कुमार जी ने देशभक्ति से जुड़ी कई फिल्मों के जरिए अपनी अमिट छाप छोड़ी है। उनकी यादगार फिल्में हमेशा प्रेरणा देती रहेंगी। ईश्वर उन्हें सद्गति प्रदान करें।”

प्रधानमंत्री मोदी ने दी श्रद्धांजलि

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर मनोज कुमार के साथ दो तस्वीरें साझा करते हुए शोक जताया। उन्होंने लिखा, “मनोज जी भारतीय सिनेमा के प्रतीक थे। उनकी फिल्मों में देशभक्ति की झलक साफ दिखती थी। उनका काम आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करता रहेगा। इस दुख की घड़ी में मेरी संवेदनाएँ उनके परिवार और प्रशंसकों के साथ हैं। ओम शांति।”

दादा साहब फाल्के और पद्मश्री से सम्मानित हुए थे

मनोज कुमार को भारतीय सिनेमा में उनके अद्वितीय योगदान के लिए कई सम्मान मिले थे। उन्हें दादा साहब फाल्के पुरस्कार और पद्मश्री से नवाजा गया था। उनके निधन से भारतीय सिनेमा का एक सुनहरा अध्याय समाप्त हो गया है, लेकिन उनकी फिल्में और योगदान उन्हें हमेशा अमर बनाए रखेंगे।

 

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई