MP में हवाओं के रुख में बदलने से ठंड से राहत, पचमढ़ी में 3.3 डिग्री सेल्सियस पर रहा पारा..

भोपाल : हवाओं का रुख बदलने के कारण न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी होने लगी है। इससे कड़ाके की ठंड से राहत मिलने लगी है। उधर, गुरुवार को शहडोल एवं सिवनी में शीतलहर का प्रभाव रहा। हिल स्टेशन पचमढ़ी में पारा 3.3 डिग्री सेल्सियस पर रहा। मैदानी क्षेत्रों में सबसे कम 4.5 डिग्री सेल्सियस तापमान मंडला में रिकार्ड किया गया। दिन का सबसे अधिक 31 डिग्री सेल्सियस तापमान उज्जैन में दर्ज हुआ।

हवाओं का रुख बदला

मौसम विज्ञानियों के मुताबिक, अलग-अलग स्थानों पर बनी चार मौसम प्रणालियों के प्रभाव से हवाओं का रुख बदल गया है। इस वजह से न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी होने की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार वर्तमान में उत्तर भारत के ऊपर जेट स्ट्रीम बना हुआ है।

बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र भी बना है। अरब सागर में हवा के ऊपरी भाग में चक्रवात है। पाकिस्तान और उससे लगे जम्मू पर पश्चिमी विक्षोभ भी द्रोणिका के रूप में सक्रिय है। दक्षिण-पश्चिमी राजस्थान और उससे लगे पाकिस्तान पर एक प्रेरित चक्रवात बना हुआ है।

रात के तापमान में कमी आने की संभावना नहीं

पूर्व वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अजय शुक्ला ने बताया कि अलग-अलग स्थानों पर सक्रिय मौसम प्रणालियों के प्रभाव से हवाओं का रुख पूर्वी एवं दक्षिण-पूर्वी बना हुआ है। इस वजह से प्रदेश में रात का तापमान धीरे-धीरे बढ़ने लगा है। हालांकि दो दिन में पश्चिमी विक्षोभ के आगे बढ़ने पर प्रेरित चक्रवात का प्रभाव भी समाप्त हो जाएगा।

इसके बाद भी बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र के असर से हवाओं रुख इसी तरह बना रहने के आसार हैं। इस वजह से रात के तापमान में विशेष कमी आने की संभावना नहीं है। उधर, 27 दिसंबर को एक प्रभावी पश्चिमी विक्षोभ के उत्तर भारत में आने के भी आसार हैं।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button