रेग्युलेटर की चूक से घर में धमाका, बुधनी में युवक झुलसा

सीहोर जिले के बुधनी में एक घर में गैस रिसाव के बाद हुए जोरदार धमाके से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हादसे में एक युवक गंभीर रूप से झुलस गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार ओवरब्रिज के पास स्थित एक मकान में युवक चाय बना रहा था। इसी दौरान गैस टंकी खाली होने पर उसने दूसरी टंकी लगाई, लेकिन रेग्युलेटर ठीक से फिट नहीं हो पाया। गैस कमरे में फैल गई और जैसे ही आग जलाने की कोशिश की गई, तेज धमाका हो गया।
धमाके की आवाज दूर तक सुनाई दी, जिससे आसपास के लोग दहशत में आ गए। विस्फोट के कारण घर का सामान बिखर गया और दरवाजों को भी नुकसान पहुंचा। झुलसी हालत में युवक किसी तरह पास के मकान की छत पर पहुंचा और पड़ोसियों से मदद मांगी।
स्थानीय लोगों ने उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया।
पुलिस का कहना है कि प्राथमिक जांच में मामला गैस लीकेज से हुए विस्फोट का प्रतीत होता है। घटना के समय युवक घर में अकेला था। फिलहाल मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।





