देवरीकला में समय पर नहीं मिल रहा राशन, ग्रामीण परेशान

बिलासपुर। जिले के तखतपुर विकासखंड के ग्राम पंचायत देवरीकला में ग्रामीणों को समय पर राशन नहीं मिल पा रहा है। राशन न मिलने से ग्रामीणों में भारी नाराजगी है। परेशान होकर हितग्राहियों ने यह शिकायत सुशासन तिहार के दौरान अधिकारियों और स्थानीय विधायक से की थी। शिकायत के बाद अधिकारियों ने खाद्य विभाग को जांच के निर्देश तो दिए, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
दुकान संचालक की मनमानी, सिर्फ आधे लोगों को मिल रहा राशन
ग्रामीणों का आरोप है कि पीडीएस दुकान का संचालक अपनी मनमानी कर रहा है। हितग्राहियों से अंगूठा लगवाने के बाद कहा जाता है कि बाद में राशन ले जाना, लेकिन बाद में यह कहकर मना कर दिया जाता है कि राशन खत्म हो गया है। इससे सिर्फ कुछ लोगों को ही राशन मिल पाता है। पिछले दो महीनों से चावल का पूरा वितरण नहीं हो पाया है। कुछ लोगों को चावल मिला, बाकी लोगों को कहा गया कि स्टॉक नहीं आया।
शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं, ग्रामीणों में नाराजगी
ग्रामीणों ने बताया कि उन्होंने कई बार शिकायत की, लेकिन अभी तक कोई अधिकारी जांच के लिए गांव नहीं पहुंचा है। इससे गांव में नाराजगी का माहौल है। सभी ने इस समस्या का जल्द से जल्द समाधान करने और दोषी राशन दुकानदार पर कार्रवाई करने की मांग की है।
इस संबंध में फूड इंस्पेक्टर श्याम वस्त्रकार ने बताया कि देवरीकला राशन दुकान की शिकायत मिली है। जांच के लिए सकरी तहसीलदार को जिम्मेदारी दी गई है। जल्द ही कार्रवाई की जाएगी।





