शादी का झांसा देकर महिला से दुष्कर्म, सकरी पुलिस ने आरोपी को कुछ ही घंटों में पकड़ा

बिलासपुर:सकरी थाना क्षेत्र में एक महिला से शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने वाले आरोपी को पुलिस ने तेज़ कार्रवाई करते हुए कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया।
38 वर्षीय आरोपी प्रकाश दास मानिकपुरी, जो बिजली ऑफिस के सामने, सकरी का रहने वाला है, महिला को शादी का वादा कर लगातार शारीरिक शोषण कर रहा था। महिला ने 13 मई 2025 को सकरी थाने में इसकी लिखित शिकायत दर्ज कराई थी।
शिकायत के अनुसार, आरोपी ने शादी का झांसा देकर संबंध बनाए, जिससे महिला गर्भवती हो गई और उसने एक बच्चे को जन्म दिया। लेकिन जन्म के 12 दिन बाद ही बच्चे की मौत हो गई। इसके बाद भी आरोपी ने महिला के साथ जबरदस्ती संबंध बनाए और शादी की बात करने पर उसे मारता-पीटता था।
एफआईआर दर्ज होते ही आरोपी भागने की फिराक में था, लेकिन सकरी पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया और कोर्ट में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत कार्रवाई की गई और आगे की जांच जारी है।





