बिलासपुर के राजशेखर का अंतरिक्ष यात्रा के लिए चयन, लंदन की कंपनी ने दी बड़ी जिम्मेदारी

बिलासपुर: छत्तीसगढ़ बिलासपुर के रहने वाले राजशेखर पैरी का चयन अंतरिक्ष यात्रा के लिए हुआ है। यह मौका उन्हें लंदन (यूके) की निजी कंपनी टाइटन्स स्पेस इंडस्ट्रीज ने दिया है। राजशेखर अब इस कंपनी के पहले अंतरिक्ष मिशन में एक यात्री के तौर पर शामिल होंगे।
राजशेखर बचपन से ही अंतरिक्ष के सपने देखते थे। उन्होंने अपनी पढ़ाई बिलासपुर में शुरू की और 5वीं से 10वीं तक की पढ़ाई ऑक्सफोर्ड स्कूल, पेंड्रारोड में की। इसके बाद 11वीं–12वीं के लिए हैदराबाद गए और फिर मैकेनिकल इंजीनियरिंग की पढ़ाई की। पढ़ाई के बाद उन्होंने कुछ समय तक भारत डायनेमिक्स लिमिटेड (रक्षा मंत्रालय) में काम किया और फिर उच्च पढ़ाई के लिए यूके चले गए, जहां उन्होंने एयरोस्पेस में पढ़ाई की।
टाइटन्स स्पेस इंडस्ट्रीज ने उन्हें उनकी तकनीकी जानकारी, प्रशिक्षण, और अंतरिक्ष मिशनों के प्रति लगन को देखते हुए चुना है। कंपनी ने कहा कि राजशेखर ने कई नकली (एनालॉग) चंद्र मिशनों में हिस्सा लिया है और अगली पीढ़ी के अंतरिक्ष प्रशिक्षण में अहम योगदान दिया है।
अब राजशेखर को कंपनी के मानव अंतरिक्ष कार्यक्रम के तहत गहन प्रशिक्षण मिलेगा और वे नए-नए प्रयोगों में हिस्सा लेंगे ताकि पृथ्वी से बाहर भी इंसान की मौजूदगी को बढ़ाया जा सके।
राजशेखर ने इस उपलब्धि पर कहा-
“यह केवल मेरी जीत नहीं है, बल्कि दुनियाभर के उन लोगों के लिए एक संदेश है, खासकर भारत और यूके के युवाओं के लिए, कि निजी कंपनियों के जरिए भी अंतरिक्ष की दुनिया में कदम रखा जा सकता है।”
यह खबर न केवल बिलासपुर बल्कि पूरे देश के लिए गर्व का मौका है।





