राजधानी में हुआ राजपूत समाज का भव्य सम्मेलन, रमन सिंह बोले – “राजपूत समाज देश की आन-बान-शान”

रायपुर। राजधानी रायपुर में रविवार को अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा वीरांगना, छत्तीसगढ़ प्रदेश की राष्ट्रीय कार्यकारिणी और राज्य स्तरीय सम्मेलन का भव्य आयोजन हुआ। इस कार्यक्रम में प्रदेश की राजनीति और सामाजिक एकता का शानदार संगम देखने को मिला।
कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उनके साथ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरणदेव भी मंच पर मौजूद रहे।
सभा को संबोधित करते हुए डॉ. रमन सिंह ने कहा कि “राजपूत समाज अपनी वीरता, अनुशासन और निष्ठा के लिए जाना जाता है। इस समाज ने हमेशा देश की रक्षा और संस्कृति के संरक्षण में अग्रणी भूमिका निभाई है।” उन्होंने युवाओं से अपने गौरवशाली इतिहास को याद रखने और आने वाली पीढ़ियों तक पहुँचाने की अपील की।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरणदेव ने भी सभा में कहा कि छत्तीसगढ़ का राजपूत समाज न सिर्फ सामाजिक और राजनीतिक रूप से सशक्त है, बल्कि राज्य के विकास में भी महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है। उन्होंने कहा कि पार्टी और सरकार समाज की हर अपेक्षा और चिंता के प्रति संवेदनशील हैं।
सम्मेलन में प्रदेशभर से बड़ी संख्या में राजपूत समाज के प्रतिनिधि, महिला कार्यकर्ता और युवा शामिल हुए। पारंपरिक परिधान में सजे प्रतिनिधियों और सांस्कृतिक झांकियों ने कार्यक्रम को और भी आकर्षक बना दिया। इस अवसर पर डॉ. रमन सिंह और किरणदेव का समाज के पदाधिकारियों ने शाल, श्रीफल और तलवार भेंट कर सम्मान किया।





