रायपुर: खम्हारडीह में मारपीट कर लूट करने वाले तीन बदमाश गिरफ्तार, बाइक और मोबाइल बरामद

रायपुर। खम्हारडीह इलाके में एक युवक से मारपीट कर उसकी बाइक और मोबाइल लूटने वाले तीन बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपियों के पास से लूटी गई बाइक, मोबाइल और घटना में इस्तेमाल की गई दो अन्य बाइक बरामद की गई है। जब्त सामान की कुल कीमत करीब 1.20 लाख रुपये बताई जा रही है।
क्या था मामला:
होमराम साहू नाम के युवक ने खम्हारडीह थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि 27 मई 2025 की सुबह करीब 5:30 बजे वह अपनी बाइक से चंडी नगर रोड स्थित मैदान के पास गया था। जैसे ही उसने अपनी बाइक रोड किनारे खड़ी की, तभी दो एक्टिवा में सवार चार अज्ञात युवक वहां पहुंचे। उनमें से तीन युवक उसके पास आकर गाली-गलौज करने लगे और धमकाते हुए उसे लात मारकर गिरा दिया। इसके बाद वे उसका मोबाइल और बाइक की चाबी छीनकर उसकी बाइक (पैशन प्रो CG 04 MT 7668) लेकर फरार हो गए।
शिकायत मिलने के बाद खम्हारडीह थाना पुलिस और एंटी क्राइम व साइबर यूनिट की संयुक्त टीम ने जांच शुरू की। मौके और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए और मुखबिरों की मदद ली गई। जांच के दौरान एक आरोपी गुलशन नायक का नाम सामने आया, जिसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में गुलशन ने अपने साथियों हिरण्या दीप उर्फ करन और प्रीतपाल सिंह के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देने की बात कबूल की।
गिरफ्तार आरोपी:
1. गुलशन नायक (24 वर्ष), निवासी गंगा नगर, थाना देवेंद्र नगर
2. हिरण्या दीप उर्फ करन (23 वर्ष), निवासी त्रिमूर्ति नगर, थाना देवेंद्र नगर
3. प्रीतपाल सिंह कंग (19 वर्ष), निवासी काली नगर, थाना सिविल लाइन
पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ कार्रवाई की है। उनसे लूटी गई बाइक, मोबाइल और वारदात में इस्तेमाल की गई दो अन्य बाइक बरामद कर ली गई है।
पुलिस आगे की जांच में जुटी है और फरार चौथे आरोपी की तलाश जारी है।





