मार्च में बढ़ी गर्मी, रायपुर में 37 डिग्री पहुंचा तापमान; अगले तीन दिन और बढ़ेगा पारा

प्रदेश में मौसम फिलहाल पूरी तरह शुष्क बना हुआ है और दिन के तापमान में तेजी से बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। मार्च की शुरुआत में ही गर्मी का असर बढ़ने लगा है। मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिनों में अधिकतम तापमान में करीब 2 डिग्री सेल्सियस तक और बढ़ोतरी हो सकती है।
बुधवार को प्रदेश में सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान रायपुर में 37 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान 11.9 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में रिकॉर्ड हुआ। दिन में तेज धूप के कारण गर्मी महसूस हो रही है, जबकि सुबह और रात के समय हल्की ठंड बनी हुई है।
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक उत्तर ओडिशा से विदर्भ तक दक्षिण छत्तीसगढ़ के ऊपर करीब 0.9 किलोमीटर की ऊंचाई पर एक द्रोणिका बनी हुई है। हालांकि इस सिस्टम का प्रदेश के मौसम पर फिलहाल कोई खास प्रभाव नहीं पड़ रहा है और मौसम शुष्क ही बना रहेगा।
रायपुर में गुरुवार को आसमान साफ रहने का अनुमान है। यहां अधिकतम तापमान 38 डिग्री और न्यूनतम तापमान करीब 21 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों तक भी प्रदेश में मौसम शुष्क बना रहेगा और किसी तरह की चेतावनी जारी नहीं की गई है। आने वाले तीन दिनों में तापमान में धीरे-धीरे करीब 2 डिग्री तक वृद्धि हो सकती है। इसके बाद अगले चार दिनों तक तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार जनवरी की तरह फरवरी महीने में भी रायपुर में आमतौर पर आसमान साफ रहता है और सतही हवाएं हल्की रहती हैं। हालांकि उत्तर भारत में सक्रिय वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के प्रभाव से कभी-कभी मौसम में बदलाव देखने को मिलता है। फरवरी के आखिरी दिनों में प्रदेश के कुछ हिस्सों में बादल छाने के साथ हल्की बारिश भी दर्ज की गई थी।
रायपुर में फरवरी महीने के मौसम के पुराने रिकॉर्ड भी काफी दिलचस्प हैं। 9 फरवरी 1893 को यहां अब तक की सबसे ज्यादा ठंड दर्ज की गई थी, जब तापमान 5 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया था। वहीं 28 फरवरी 2009 को तापमान 38 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था, जो फरवरी महीने के लिहाज से काफी ज्यादा माना जाता है।
मौसम विभाग के अनुसार सर्दियों का असर कम होते ही न्यूनतम तापमान धीरे-धीरे बढ़ने लगता है और मार्च में गर्मी का असर तेजी से महसूस होने लगता है।





