रायपुर पुलिस ने 50 लाख के गुम मोबाइल बरामद किए, 8 महीनों में रिकवरी 1.10 करोड़ पहुंची

रायपुर। राजधानी रायपुर पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर 50 लाख रुपए कीमत के 250 गुम हुए मोबाइल फोन बरामद कर उनके मालिकों को लौटा दिए। ये मोबाइल देशभर के कई राज्यों जैसे ओडिशा, महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल, झारखंड और बिहार से मिले।
कई मोबाइल स्थानीय थानों में जमा थे, जिन्हें कूरियर के जरिए रायपुर मंगवाया गया। पुलिस के अनुसार, गुम मोबाइलों की बढ़ती शिकायतों को देखते हुए साइबर सेल की मदद से खोज अभियान शुरू किया गया। कई फोन दूसरे लोग इस्तेमाल कर रहे थे, जिन्हें ट्रैक कर बरामद किया गया।
साल 2025 में अब तक रायपुर पुलिस 1 करोड़ 10 लाख रुपए कीमत के 550 मोबाइल उनके मालिकों को लौटा चुकी है। इस अभियान में अन्य राज्यों की पुलिस ने भी सहयोग किया। फोन वापस मिलने पर लोगों ने पुलिस का आभार जताते हुए कहा कि उन्हें उम्मीद नहीं थी कि उनका मोबाइल वापस मिलेगा।
पुलिस ने बताया कि चोरी या गुम होने पर मोबाइल उपयोगकर्ताओं से संपर्क कर फोन जमा करने को कहा गया, लेकिन कई मामलों में लोग फोन बंद कर देते थे। ऐसे में अन्य राज्यों की पुलिस से समन्वय कर मोबाइल बरामद किए गए और चोरी के मामलों में आरोपियों पर कार्रवाई की जा रही है।
SSP ने अपने हाथों से मोबाइल लौटाते हुए जनता से अपील की कि गुम या चोरी की स्थिति में www.ceir.gov.in पोर्टल पर शिकायत दर्ज करें और नजदीकी थाने या साइबर सेल से संपर्क करें, ताकि मोबाइल का अपराध में दुरुपयोग न हो सके। साथ ही फोन को हमेशा पासवर्ड से सुरक्षित रखने की सलाह दी।





