रायपुर–जबलपुर एक्सप्रेस का बदला नाम, अब कहलाएगी “मूक माटी एक्सप्रेस”(Mook Maati Express)

रायपुर। भारतीय रेल ने यात्रियों को बेहतर सेवा देने के साथ-साथ क्षेत्रीय संस्कृति और पहचान को सम्मान देने की दिशा में एक अहम कदम उठाया है। रेलवे बोर्ड की मंजूरी के बाद ट्रेन संख्या 11701/11702 रायपुर–जबलपुर एक्सप्रेस का नाम बदलकर अब “मूक माटी एक्सप्रेस”(Mook Maati Express) कर दिया गया है।
‘मूक माटी’ नाम छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश के आदिवासी बहुल क्षेत्रों की उस धरती का प्रतीक है, जो बिना बोले भी अपनी समृद्ध संस्कृति, परंपराओं और सामाजिक चेतना को दर्शाती है। यह नामकरण स्थानीय संस्कृति, धरती और जनभावनाओं को सम्मान देने का प्रयास है।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार यह नाम परिवर्तन संत शिरोमणि आचार्य श्री 108 विद्यासागर जी महाराज के विचारों से प्रेरित है। उनके अहिंसा, सत्य, संयम और मानवता के संदेशों को ध्यान में रखते हुए इस ट्रेन को नया नाम दिया गया है।
यात्रियों के लिए राहत की बात यह है कि ट्रेन की संख्या, मार्ग, समय-सारिणी और कोच संरचना में कोई बदलाव नहीं किया गया है। केवल ट्रेन का नाम बदला गया है, जो अब टिकट, रिजर्वेशन चार्ट, एनटीईएस और अन्य यात्री सूचना प्रणालियों में “मूक माटी एक्सप्रेस”(Mook Maati Express) के रूप में दिखाई देगा।
भारतीय रेल का कहना है कि वह आधुनिक और यात्री-केंद्रित सेवाओं के साथ-साथ क्षेत्रीय सांस्कृतिक पहचान को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। “मूक माटी एक्सप्रेस”(Mook Maati Express) इसी सोच का प्रतीक है, जो यात्रियों को यात्रा के दौरान धरती, संस्कृति और सामाजिक मूल्यों से जोड़ती है।





