स्टेट कैपिटल रीजन के तहत रायपुर-दुर्ग मेट्रो परियोजना को मिली रफ्तार

राजधानी रायपुर और उससे जुड़े क्षेत्रों के विकास को नई दिशा देने के लिए राज्य सरकार द्वारा स्टेट कैपिटल रीजन के रूप में एकीकृत विकास की योजना पर काम किया जा रहा है। रायपुर, दुर्ग, भिलाई और नवा रायपुर अटल नगर को शामिल करते हुए इस क्षेत्र में आधुनिक शहरी सुविधाओं और बेहतर परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने की तैयारी है।
इसी क्रम में रायपुर से दुर्ग तक मेट्रो रेल सेवा शुरू करने की दिशा में कदम बढ़ाए जा रहे हैं। मेट्रो परियोजना के लिए सर्वे और डिटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट तैयार करने हेतु सरकार ने बजट में पांच करोड़ रुपये का प्रावधान किया है। विधानसभा में राजधानी क्षेत्र विकास प्राधिकरण विधेयक पारित होने के बाद इस परियोजना को और गति मिली है।
सरकार का मानना है कि स्टेट कैपिटल रीजन राज्य के विकास के लिए एक नया ग्रोथ इंजन साबित होगा। इसके तहत आने वाले शहरों में योजनाबद्ध शहरी विकास, बेहतर कनेक्टिविटी और आधुनिक नागरिक सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा, जिससे आवागमन आसान होगा और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।
इस संबंध में डिप्टी सीएम अरुण साव ने कहा कि छत्तीसगढ़ में मेट्रो परियोजना अभी शुरुआती चरण में है, लेकिन भविष्य में इसके विस्तार की व्यापक संभावनाएं हैं। उन्होंने बताया कि मेट्रो नेटवर्क के मामले में भारत विश्व में अग्रणी देशों में शामिल है और आने वाले वर्षों में देशभर में मेट्रो सेवाओं का तेजी से विस्तार होगा।





