रायपुर-बिलासपुर और दुर्ग संभाग में बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने जारी किया यलो और ऑरेंज अलर्ट

रायपुर। बंगाल की खाड़ी में बने नए सिस्टम के असर से रायपुर, बिलासपुर और दुर्ग संभाग के कई जिलों में मंगलवार को जमकर बारिश होने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने यहां यलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। सोमवार को जहां रायपुर शहर में हल्की बारिश हुई, वहीं माना इलाके में घंटेभर में ढाई सेमी. पानी गिरा। लालपुर में आधा सेमी. वर्षा दर्ज की गई। विभाग का अनुमान है कि आने वाले 24 घंटों तक बारिश का असर जारी रहेगा।
सितंबर की शुरुआत के साथ ही प्रदेश में मानसून की सक्रियता फिर बढ़ गई है। बंगाल की खाड़ी में बना निम्न दाब का क्षेत्र ओडिशा की ओर बढ़ते हुए छत्तीसगढ़ पर असर डाल रहा है। सोमवार को रायपुर के कुछ हिस्सों में 3.5 सेमी. तक बारिश हुई। मंगलवार को दिन में बादल गरजे लेकिन अधिक प्रभाव माना क्षेत्र में देखने को मिला। वहीं देर शाम और रात में कई इलाकों में बूंदाबांदी का दौर चला।
मौसम वैज्ञानिक एचपी चंद्रा के अनुसार, मानसून द्रोणिका वर्तमान में उत्तर पश्चिम बंगाल की खाड़ी तक फैली हुई है। इससे रायपुर और दुर्ग संभाग में भारी बारिश की संभावना है। पिछले 24 घंटों में नानगुर में 13 सेमी., दंतेवाड़ा में 11 सेमी., छिंदगढ़ में 6 सेमी. और बीजापुर, बालोद, बस्तानार सहित कई इलाकों में 5 सेमी. तक बारिश दर्ज की गई।





