रायगढ़: मंत्री ओपी चौधरी ने जन्मदिन पर बनोरा अघोर गुरु पीठ आश्रम में की पूजा-अर्चना

रायगढ़: छत्तीसगढ़ के मंत्री ओपी चौधरी ने आज अपने जन्मदिन के अवसर पर रायगढ़ स्थित बनोरा अघोर गुरु पीठ आश्रम में पूजा-अर्चना की। मंत्री ओपी चौधरी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए लिखा कि, “आज जन्मदिन के मौके पर मैं बनोरा अघोर गुरु पीठ आश्रम के उपासना स्थल पर अघोरेश्वर अवधूत भगवान राम जी की प्रतिमा के दर्शन कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना करता हूं और साथ ही बाबा प्रियदर्शी रामजी से आशीर्वाद प्राप्त किया।”
ओपी चौधरी का जन्म 2 जून 1981 को रायगढ़ जिले के खरसिया ब्लॉक के ग्राम बायंग में हुआ था। वे पूर्व में एक आईएएस अफसर रह चुके हैं और आज प्रदेश की राजनीति में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
बचपन में ही ओपी चौधरी के पिता का देहांत हो गया था, जिनका काम एक सरकारी स्कूल में शिक्षक के रूप में था। उनकी माता कौशल्या ने उन्हें अपनी मेहनत और पेंशन से पाला। ओपी चौधरी ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा बायंग के सरकारी स्कूल से ली थी और फिर जैमुरी और रायपुर में पढ़ाई की।
उन्होंने अपनी पढ़ाई में हमेशा उत्कृष्टता दिखाई और यूपीएससी की परीक्षा में पहले ही प्रयास में सफलता प्राप्त की। मात्र 23 वर्ष की आयु में ओपी चौधरी छत्तीसगढ़ कैडर के आईएएस अफसर बने। उनके द्वारा निभाई गई कई महत्वपूर्ण पदों में सहायक कलेक्टर, रायपुर नगर निगम कमिश्नर और दंतेवाड़ा कलेक्टर के रूप में योगदान दिया।
मंत्री ओपी चौधरी का आज भी प्रदेश की सेवा में योगदान जारी है और उन्होंने अपने जन्मदिन पर आशीर्वाद प्राप्त कर प्रदेशवासियों की भलाई की कामना की।





