इंदौर मेडिकल कॉलेज में ED की रेड, रिकॉर्ड खंगालने के बाद डिजिटल डेटा जब्त

इंदौर के खुड़ैल इलाके में स्थित इंडेक्स मेडिकल कॉलेज एंड रिसर्च सेंटर में प्रवर्तन निदेशालय (ED) की टीम ने गुरुवार शाम छापेमारी की। देशभर में चल रही एजेंसियों की ताबड़तोड़ कार्रवाई के बीच दिल्ली से आई इस टीम ने कॉलेज के दस्तावेज़, रिकॉर्ड और इलेक्ट्रॉनिक डेटा की जांच की और कुछ डिजिटल रिकॉर्ड जब्त किए।
ED की टीम कॉलेज परिसर में दोपहर बाद पहुंची थी और घंटों तक रिकॉर्ड रूम, प्रशासनिक शाखा और इलेक्ट्रॉनिक स्टोरेज सिस्टम को खंगाला। इस दौरान कॉलेज के संचालक सुरेश भदौरिया को भी एजेंसी ने पूछताछ के लिए तलब किया। हालांकि कार्रवाई पूरी होने के बाद टीम शाम को रायपुर या दिल्ली के लिए रवाना हो गई।
माना जा रहा है कि यह कार्रवाई मेडिकल कॉलेज रिश्वत कांड से जुड़े पुराने CBI केस के आधार पर की गई है। CBI की FIR में रावतपुरा सरकार समूह के साथ-साथ इंडेक्स मेडिकल कॉलेज के संचालक सुरेश भदौरिया को भी आरोपित बनाया गया है। FIR में कुल 30 आरोपियों का ज़िक्र है, जिसमें भदौरिया का नाम आरोपी नंबर 25 के तौर पर दर्ज है।
छापे को लेकर कॉलेज प्रशासन ने इसे ‘पुराने मामले से जुड़ी जानकारी’ तक सीमित बताया है। मेडिकल कॉलेज के प्रशासनिक अधिकारी धीरज जायसवाल ने बताया कि ED की टीम दिल्ली से आई थी और उन्होंने एक पुराने केस से संबंधित कुछ कागजात मांगे थे, जो संस्थान की ओर से उपलब्ध करा दिए गए। जायसवाल ने कहा कि टीम को सहयोग किया गया है और जो रिकॉर्ड उपलब्ध थे, वे जांच एजेंसी को सौंप दिए गए हैं।
इस कार्रवाई के बाद कॉलेज परिसर में हलचल मची रही, हालांकि किसी गिरफ्तारी की सूचना नहीं दी गई है। एजेंसियां अब जब्त डिजिटल रिकॉर्ड और दस्तावेज़ों की फॉरेंसिक जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई कर सकती हैं।





