राहुल गांधी आज पचमढ़ी में कांग्रेस जिला अध्यक्षों को करेंगे संबोधित, एसआईआर और संगठन सृजन पर रहेगा फोकस

मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम जिले के पर्यटन स्थल पचमढ़ी में चल रहे कांग्रेस के जिला अध्यक्षों के प्रशिक्षण शिविर में आज राहुल गांधी शामिल होंगे। यह शिविर 2 नवंबर से जारी है, जिसमें कांग्रेस संगठन को मजबूत करने और एसआईआर (मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण) पर रणनीति तैयार की जा रही है। राहुल गांधी आज शाम साढ़े तीन बजे भोपाल होते हुए पचमढ़ी पहुंचेंगे और जिला अध्यक्षों को संबोधित करेंगे।
कांग्रेस सूत्रों के मुताबिक, राहुल गांधी शिविर में संगठन सृजन, मतदाता सूची की गड़बड़ियों और बूथ स्तर पर पार्टी के ढांचे को मजबूत करने पर जोर देंगे। वह जिला अध्यक्षों से एसआईआर के काम को प्राथमिकता देने और हर वार्ड-पंचायत में संगठन को सक्रिय करने के निर्देश देंगे। राहुल गांधी रात्रि विश्राम के बाद रविवार सुबह बिहार रवाना होंगे।
पार्टी पदाधिकारियों ने बताया कि यह शिविर अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी का हिस्सा है, जिसकी रूपरेखा राष्ट्रीय स्तर पर तय की गई है। दस दिवसीय इस आवासीय प्रशिक्षण में पार्टी के वरिष्ठ नेता संगठन सशक्तीकरण, राजनीतिक, सामाजिक और आर्थिक विषयों पर मार्गदर्शन दे रहे हैं। प्रशिक्षण में आदिवासी बहुल गांवों का भ्रमण और जनसंवाद जैसे कार्यक्रम भी शामिल हैं।
सूत्रों के अनुसार, राहुल गांधी का इस शिविर में मुख्य फोकस एसआईआर पर रहेगा। वे लगातार मतदाता सूची में गड़बड़ियों और नाम हटाने के मामलों को लेकर भाजपा पर निशाना साधते रहे हैं। कांग्रेस को आशंका है कि मध्य प्रदेश में भी बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम सूची से हटाए जा सकते हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए राहुल जिला अध्यक्षों को सतर्क रहने और मतदाता गणना पत्रक भरवाने में सक्रिय भूमिका निभाने के निर्देश देंगे।
शिविर में प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, अरुण यादव सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे। राहुल गांधी इनके साथ बैठक कर आगामी विधानसभा और लोकसभा चुनावों की तैयारी पर भी चर्चा करेंगे। कांग्रेस का मानना है कि बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करके ही भाजपा को कड़ी टक्कर दी जा सकती है।





