पुष्पा और एनिमल के खलनायक साथ आए, फहाद फासिल की नई फिल्म में राजामौली की बड़ी भूमिका

साउथ सिनेमा में इन दिनों कई बड़े प्रोजेक्ट्स पर काम जारी है, जिनमें मेगा बजट फिल्मों से लेकर मिड बजट की फिल्मों तक शामिल हैं। इसी बीच फहाद फासिल की आगामी तेलुगु फिल्म Don’t Trouble The Trouble को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। इस फिल्म में बॉलीवुड अभिनेता सौरभ सचदेवा की एंट्री हो गई है, जिससे ‘पुष्पा’ और ‘एनिमल’ के खलनायक पहली बार साथ नजर आएंगे।
फहाद फासिल, जो ‘पुष्पा’ में अपने नेगेटिव किरदार के लिए चर्चित रहे हैं, इस नई फिल्म में एक ऐसे हीरो की भूमिका निभा रहे हैं जो राख से उठकर खड़ा होता है। फिल्म का निर्देशन शशांक येलेटी कर रहे हैं, जबकि एस.एस. राजामौली इस प्रोजेक्ट को प्रेजेंट कर रहे हैं। निर्माण की जिम्मेदारी शोबू यारलागड्डा, प्रसाद देवीनेनी और कार्तिकेय संभाल रहे हैं।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, सौरभ सचदेवा इस फिल्म में अहम भूमिका में दिखाई देंगे। हालांकि उनके किरदार को लेकर अभी ज्यादा जानकारी साझा नहीं की गई है। सौरभ इससे पहले फिल्म ‘एनिमल’ में बॉबी देओल के भाई के नेगेटिव रोल में नजर आए थे। हाल ही में उन्होंने मलयालम फिल्म ‘इको’ में भी दमदार अभिनय किया था, जिससे उन्हें काफी सराहना मिली।
फहाद फासिल ने हैदराबाद में फिल्म की शूटिंग शुरू कर दी है। फिल्म को लेकर दर्शकों में खासा उत्साह है, क्योंकि दो अलग-अलग इंडस्ट्री के चर्चित कलाकार पहली बार एक साथ स्क्रीन शेयर करने जा रहे हैं।
इसके अलावा फहाद फासिल की हिट फिल्म ‘आवेशम’ के सीक्वल की भी घोषणा हो चुकी है। पहली फिल्म को दर्शकों ने खूब पसंद किया था और बॉक्स ऑफिस पर भी शानदार कमाई की थी। ऐसे में आने वाले समय में फहाद फासिल के पास कई बड़े प्रोजेक्ट्स लाइनअप हैं, जिन पर फैंस की नजर बनी हुई है।





