रामनवमी पर विधायक पुरंदर मिश्रा का कांग्रेस पर तंज, बोले– पूजा करें, सफाया हो रहा है

रायपुर। पुरंदर मिश्रा ने रामनवमी के मौके पर देशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कांग्रेस पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि सभी को रामनवमी का पर्व मनाना चाहिए और खासकर कांग्रेस को पूजा करनी चाहिए, क्योंकि कांग्रेस का सफाया हो रहा है। उन्होंने कहा कि प्रभु राम को काल्पनिक न मानकर रामनवमी मनाएं और भगवान से सद्बुद्धि की मांग करें, ताकि कांग्रेस मजबूत विपक्ष के रूप में बनी रहे।
पंचायत कमेटी गठन पर निशाना
कांग्रेस द्वारा पंचायत स्तर पर कमेटी गठन की बात पर पुरंदर मिश्रा ने कहा कि कांग्रेस बोलती कुछ और करती कुछ और है। अब तक प्रदेश, ब्लॉक और मंडल स्तर का गठन नहीं कर पाई है, ऐसे में पंचायतों में कमेटी बनाना उनके लिए मुश्किल है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस में “आलू से सोना निकलता है” और पार्टी का जनाधार खिसक चुका है।
जेल में कैदियों की मौत पर बयान
छत्तीसगढ़ की जेलों में 285 कैदियों की मौत के मामले में राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC) द्वारा नोटिस भेजे जाने और भूपेश बघेल के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि सरकार पूरी तरह सतर्क है। शासन अपने स्तर पर काम कर रहा है और जो भी गड़बड़ी करेगा, उसे विष्णुदेव साय की सरकार नहीं छोड़ेगी।
उन्होंने कहा कि जेल में बंद अपराधियों को कानून के अनुसार जीवन और सुविधाएं मिलती हैं और सरकार हर मामले पर नजर रख रही है।





