ट्रैफिक जाम से जनता बेहाल, सिग्नल लगे पर सिस्टम फेल

बिलासपुर शहर में ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने के लिए जगह-जगह सिग्नल तो लगाए गए हैं, लेकिन ज़मीनी हकीकत कुछ और ही कहानी बयां कर रही है। सिग्नल मौजूद हैं, पर उन्हें लागू कराने वाला सिस्टम नदारद है, नतीजतन शहर की सड़कों पर रोज़ ट्रैफिक जाम से जनता बेहाल है।

पुराना अरपा पुल पार कर सरकंडा क्षेत्र के हुंडई चौक पर हालात सबसे ज्यादा खराब हैं। चारों दिशाओं से वाहनों की आवाजाही के बावजूद यहां ट्रैफिक पुलिस की मौजूदगी नहीं के बराबर रहती है। सिग्नल होने के बावजूद उनका पालन नहीं होता, जिससे रोज़ाना जाम की स्थिति बन जाती है। पर्व हो या सामान्य दिन, सरकंडा क्षेत्र में ट्रैफिक जाम अब आम समस्या बन चुका है।

सोमवार को भी हुंडई चौक पर अव्यवस्था का वही नज़ारा देखने को मिला। लोग जाम में फंसे रहे, एक-दूसरे से रास्ता पूछते नजर आए और कई वाहन चालक वैकल्पिक मार्ग अपनाने को मजबूर हुए। यही हाल अशोकनगर चौक, देवनंदन नगर चौक और साइंस कॉलेज चौक का भी है, जहां सिग्नल तो लगाए गए हैं, लेकिन ट्रैफिक सुधार के नाम पर स्थिति जस की तस बनी हुई है।

शहर में वाहनों की संख्या लगातार बढ़ रही है, जबकि ट्रैफिक प्रबंधन कमजोर पड़ता जा रहा है। रॉन्ग साइड और नो-एंट्री में चालान की कार्रवाई तो हो रही है, लेकिन स्थायी समाधान के लिए कोई ठोस कदम नजर नहीं आ रहे। यदि प्रशासन ने जल्द ध्यान नहीं दिया, तो आने वाले समय में हालात और गंभीर हो सकते हैं।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button