राजस्थान में सरपंच पर सरेआम हमला: गाड़ी को घेरकर डंडों और सरियों से की गई मारपीट, CCTV में कैद हुई वारदात

झुंझुनूं:राजस्थान के झुंझुनूं जिले में सूरजगढ़ कस्बे के पास मंगलवार शाम एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। यहां काकोड़ा ग्राम पंचायत के सरपंच संदीप डैला की गाड़ी को कुछ बदमाशों ने बीच सड़क पर घेरकर हमला कर दिया। घटना पास ही लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है।
जानकारी के अनुसार, सरपंच अपनी गाड़ी से साथी देवी सिंह ओला और चालक के साथ कहीं जा रहे थे, तभी बारासिया कॉलेज के पास तीन कैंपर गाड़ियों में सवार करीब एक दर्जन बदमाशों ने उनकी गाड़ी को आगे-पीछे से घेर लिया। इसके बाद हमलावरों ने तीसरी गाड़ी से उतरकर लाठी-डंडों और सरियों से गाड़ी पर ताबड़तोड़ हमला किया। सरपंच और उनका साथी गाड़ी के अंदर ही सुरक्षित रहे, लेकिन ड्राइवर के साथ बेरहमी से मारपीट की गई।
घटना की सूचना मिलते ही सूरजगढ़ थानाधिकारी हेमराज मीणा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। एफएसएल टीम को भी बुलाया गया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज जब्त कर लिए हैं और कुछ हमलावरों की पहचान भी कर ली गई है। पुलिस ने आरोपियों की तलाश में दबिश शुरू कर दी है।
सरपंच संदीप डैला ने इस हमले को जानलेवा करार देते हुए कहा कि उन्हें डराने की नहीं, बल्कि जान से मारने की कोशिश की गई थी। अगर समय रहते ड्राइवर सूझबूझ न दिखाता तो बड़ा हादसा हो सकता था। उन्होंने प्रशासन से आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है।
पुलिस जांच में अब तक यह भी सामने आया है कि हमले की वजह केवल निजी रंजिश नहीं, बल्कि पंचायत चुनावों के समय से चली आ रही राजनीतिक तनातनी भी हो सकती है। इस वारदात ने इलाके में सनसनी फैला दी है और कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। सुरक्षा बढ़ा दी गई है और संवेदनशील इलाकों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है।





