बिलासपुर में 45 दिन बंद रहेगा सिरगिट्टी-तारबहार अंडरब्रिज, रेलवे के फैसले से लोगों में भारी नाराजगी

बिलासपुर। रेलवे प्रशासन के फैसले से एक बार फिर हजारों लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी प्रभावित होने वाली है। सिरगिट्टी और तारबहार को जोड़ने वाला प्रमुख अंडरब्रिज 1 अप्रैल से 15 मई तक, यानी करीब 45 दिनों के लिए बंद किया जा रहा है। इस फैसले के बाद क्षेत्र के लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है।

लोगों की लाइफलाइन है अंडरब्रिज

स्थानीय लोगों का कहना है कि यह अंडरब्रिज केवल एक रास्ता नहीं, बल्कि हजारों लोगों की लाइफलाइन है। मजदूर, नौकरीपेशा लोग, स्कूली बच्चे और व्यापारी रोज इसी रास्ते से आना-जाना करते हैं। अंडरब्रिज बंद होने से लोगों की दिनचर्या पूरी तरह प्रभावित होगी और उन्हें कई किलोमीटर लंबा चक्कर लगाना पड़ेगा।

2011 के हादसे की याद फिर ताजा

यह वही स्थान है जहां 2011 में हुए दर्दनाक हादसे में 18 लोगों की जान चली गई थी। लंबे संघर्ष और आंदोलन के बाद यहां अंडरब्रिज बनाया गया था, ताकि सुरक्षित आवागमन हो सके। अब फिर से 45 दिनों के लिए बंदी के फैसले से लोगों में गुस्सा बढ़ गया है और रेलवे प्रशासन पर सवाल उठ रहे हैं।

रेलवे की योजना पर उठे सवाल

लोगों का कहना है कि हाल ही में अंडरब्रिज का निर्माण और मरम्मत कार्य किया गया था, फिर अचानक इसे डेढ़ महीने के लिए बंद करने की जरूरत क्यों पड़ी। अगर मरम्मत जरूरी थी तो इसे चरणबद्ध तरीके से या रात के समय किया जा सकता था, ताकि आम जनता को कम परेशानी होती।

जनप्रतिनिधियों से हस्तक्षेप की मांग

क्षेत्रवासियों ने रेलवे प्रशासन से इस फैसले पर पुनर्विचार करने की मांग की है। साथ ही जनप्रतिनिधियों से अपील की है कि वे आगे आकर इस समस्या का समाधान कराएं, ताकि लोगों को राहत मिल सके।

लोगों का कहना है कि जल्द वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की गई तो मजदूरों की रोजी-रोटी, बच्चों की पढ़ाई और छोटे व्यापारियों का काम बुरी तरह प्रभावित होगा।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई