रायगढ़ में मरीन ड्राइव निर्माण का विरोध जारी, कांग्रेस नेताओं सहित 50 से ज्यादा लोग गिरफ्तार

रायगढ़। शहर में प्रस्तावित मरीन ड्राइव निर्माण को लेकर लोगों का विरोध लगातार दूसरे दिन भी जारी रहा। रविवार सुबह जब नगर निगम की टीम तोड़फोड़ की कार्रवाई के लिए मौके पर पहुंची, तो स्थानीय लोगों ने इसका विरोध किया।
स्थिति गर्म होती देख कांग्रेस के कई कार्यकर्ता और नेता भी मौके पर पहुंच गए और स्थानीय लोगों के साथ विरोध प्रदर्शन करने लगे। विरोध बढ़ता देख पुलिस को बीच में हस्तक्षेप करना पड़ा और 50 से अधिक प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया गया।
गिरफ्तार किए गए लोगों में जिला कांग्रेस अध्यक्ष अनिल शुक्ला, पूर्व विधायक प्रकाश नायक, नेता प्रतिपक्ष सलीम नियारिया, पूर्व सभापति जयंत ठेठवार और ग्रामीण जिलाध्यक्ष नागेंद्र नेगी सहित कई अन्य कार्यकर्ता शामिल हैं। सभी को पुलिस लाइन में रखा गया है।
कांग्रेस ने इस कार्रवाई का कड़ा विरोध करते हुए प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पार्टी का कहना है कि जिला प्रशासन जबरदस्ती बिल्डरों को फायदा पहुंचाने के लिए मरीन ड्राइव का निर्माण कर रहा है, जबकि आम जनता की आवाज को दबाया जा रहा है।
फिलहाल इलाके में तनाव का माहौल है और भारी पुलिस बल तैनात किया गया है ताकि स्थिति नियंत्रण में बनी रहे।





