गौ माता को राज्यमाता घोषित करने की मांग पर गौ सेवकों की दंडवत यात्रा

बिलासपुर। गौ माता को राज्यमाता का दर्जा देने समेत 11 सूत्रीय मांगों को लेकर बिलासपुर में गौ सेवकों ने अनोखा प्रदर्शन किया। मस्तूरी से बिलासपुर तक गौ सेवकों ने दंडवत यात्रा निकाली और कलेक्टोरेट पहुंचकर अपनी मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपने की तैयारी की।
इस दंडवत यात्रा के दौरान गौ सेवक सड़क पर लेट-लेट कर आगे बढ़े, जिससे लोगों का ध्यान उनकी मांगों की ओर गया। ये सभी गौ सेवाधाम से जुड़े हैं और लंबे समय से गौ माता की सेवा और सुरक्षा को लेकर सक्रिय हैं।
गौ सेवकों की प्रमुख मांगों में गौ माता को राज्यमाता का दर्जा देने, गौ सेवाधाम के लिए भूमि आवंटन, गौ तस्करी रोकने के लिए गौ मंत्रालय का गठन और गौ तस्करों पर राजद्रोह की धाराओं में कार्रवाई करना शामिल है। साथ ही उन्होंने प्रदेशभर में गौवंश के बाजार बंद करने की भी मांग रखी।
गौ सेवकों का कहना है कि गौ माता सिर्फ धार्मिक आस्था नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति की आत्मा हैं। सरकार को जल्द ठोस कदम उठाने चाहिए, नहीं तो वे आगे और बड़ा आंदोलन करेंगे।





