नगर निगम में कांग्रेस नेता प्रतिपक्ष के चयन की प्रक्रिया शुरू, अगला नेता प्रतिपक्ष कौन?

बिलासपुर
नगर निगम में कांग्रेस के नेता प्रतिपक्ष और उपनेता प्रतिपक्ष के चयन की प्रक्रिया अब तेज़ हो गई है। इसी सिलसिले में मंगलवार को प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर पूर्व महापौर प्रमोद दुबे बतौर पर्यवेक्षक बिलासपुर कांग्रेस कार्यालय पहुंचे।
यहां उन्होंने नगर निगम के सभी 18 कांग्रेस पार्षदों, वरिष्ठ नेताओं और शहर-गांव के पदाधिकारियों के साथ रायशुमारी की। बैठक में एक-एक कर सभी पार्षदों और पदाधिकारियों की राय ली गई ताकि लोकतांत्रिक तरीके से नेता प्रतिपक्ष और उपनेता प्रतिपक्ष के नाम तय किए जा सकें।
बैठक के बाद प्रमोद दुबे ने कहा कि सभी की राय के आधार पर एक रिपोर्ट तैयार की जाएगी और उसे प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PCC) को भेजा जाएगा। रिपोर्ट के बाद ही कांग्रेस के नेता प्रतिपक्ष और उपनेता प्रतिपक्ष के नामों की घोषणा की जाएगी।
बैठक के दौरान कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे, और पार्टी कार्यकर्ताओं की निगाहें अब इस बात पर टिकी हैं कि बिलासपुर नगर निगम में कांग्रेस का अगला नेता प्रतिपक्ष कौन होगा।





