प्रेम विवाह पर बना दबाव, युवक ने की आत्महत्या – दो आरोपी गिरफ्तार

बिलासपुर – प्रेम विवाह करने वाले एक युवक को इस कदर मानसिक प्रताड़ना दी गई कि उसने ज़हर खाकर अपनी जान दे दी। मामला तारबाहर थाना क्षेत्र का है, जहां आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है।
मृतक योगेश निर्मलकर, हल्दीराम रेस्टोरेंट में काम करता था। उसने 19 मार्च को ज़हर खाकर आत्महत्या कर ली थी। पुलिस जांच में सामने आया कि योगेश ने हीना निर्मलकर से प्रेम विवाह किया था। लेकिन हीना के मामा कन्हैया निर्मलकर और मौसा जगत राम निर्मलकर इस रिश्ते से खुश नहीं थे। दोनों ने लगातार योगेश को मानसिक रूप से परेशान किया। लड़की को अपने साथ ले जाकर उसकी योगेश से बातचीत भी बंद करवा दी गई थी।
इस मानसिक दबाव की वजह से योगेश ने आत्महत्या कर ली। मर्ग जांच में आरोपियों की भूमिका स्पष्ट होने के बाद तारबाहर थाने में धारा 306 के तहत एफआईआर दर्ज की गई।
धमतरी और गरियाबंद से आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को धमतरी और गरियाबंद से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के समय दोनों आरोपी भागने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन पुलिस की टीम ने घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया। फिलहाल दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।
यह मामला एक बार फिर दिखाता है कि प्रेम विवाह करने वालों को अब भी समाज के कुछ हिस्सों में किस तरह की चुनौतियों का सामना करना पड़ता है।





