प्रेस क्लब बिलासपुर का चुनाव रद्द, कार्यकारिणी भंग – कलेक्टर होंगे नए प्रशासक

बिलासपुर प्रेस क्लब में पिछले दिनों हुए विवादित चुनाव पर बड़ा फैसला आया है। रजिस्ट्रार फर्म्स एवं संस्थाएँ ने 19 सितंबर 2025 को हुए प्रेस क्लब चुनाव को गंभीर अनियमितताओं के कारण रद्द कर दिया है। साथ ही वर्तमान कार्यकारिणी को भंग करते हुए जिला कलेक्टर को प्रेस क्लब का प्रशासक नियुक्त किया गया है।
रजिस्ट्रार की 18 नवंबर 2025 की जांच रिपोर्ट में कई बड़ी खामियाँ सामने आईं। संस्था ने 1985 से 2025 तक की वार्षिक रिपोर्ट और आय-व्यय विवरण जमा नहीं किए थे। 11 सितंबर को भेजे गए नोटिस का भी कोई जवाब नहीं दिया गया। मतदाता सूची में आई शिकायतों का निपटारा नहीं हुआ और अवैध सदस्यों के आधार पर चुनाव कराया गया। इसके अलावा, चुनाव से जुड़े आवश्यक दस्तावेज भी रजिस्ट्रार कार्यालय में जमा नहीं किए गए।
इन सभी अनियमितताओं को गंभीरता से लेते हुए, रजिस्ट्रार ने वर्तमान कार्यकारिणी को धारा 33(ग) के तहत दोषी मानते हुए तत्काल प्रभाव से भंग कर दिया है। अब जिला कलेक्टर प्रशासक के रूप में प्रेस क्लब की जिम्मेदारी संभालेंगे और किसी योग्य अधिकारी को निर्वाचन अधिकारी बनाकर नया, स्वतंत्र और पारदर्शी चुनाव कराएंगे।
इस फैसले के बाद प्रेस क्लब में नए सिरे से साफ-सुथरे और निष्पक्ष चुनाव की प्रक्रिया शुरू होगी।






