हरदीभाटा पंचायत को राष्ट्रपति देंगी पुरस्कार, 11 दिसंबर को दिल्ली में समारोह

धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी के नगरी ब्लॉक के हरदीभाटा पंचायत को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू सम्मानित करेंगी। पंचायती राज मंत्रालय के 2022-23 के राष्ट्रीय पंचायत पुरस्कार की घोषणा हुई है। 11 दिसंबर को दिल्ली में विज्ञान भवन में विजेताओं को सम्मानित करेंगी। इस गांव ने सामाजिक रूप से न्याय संगत और सामाजिक रूप से संरक्षित पंचायत होने का अवॉर्ड जीता है।
इस साल, विभिन्न श्रेणियों के तहत 45 पुरस्कार विजेताओं का चयन किया गया है। श्रेणियों में दीन दयाल उपाध्याय पंचायत सतत विकास पुरस्कार, नानाजी देशमुख सर्वोत्तम पंचायत सतत विकास पुरस्कार, ग्राम ऊर्जा स्वराज विशेष पंचायत पुरस्कार, कार्बन न्यूट्रल विशेष पंचायत पुरस्कार और पंचायत क्षमता निर्माण सर्वोत्तम संस्थान पुरस्कार शामिल हैं। ये पुरस्कार गरीबी उन्मूलन, स्वास्थ्य, बाल कल्याण, जल पर्याप्तता, स्वच्छता, बुनियादी ढांचे के विकास, सामाजिक न्याय, महिला सशक्तिकरण और जलवायु स्थिरता जैसी फील्ड में काम के लिए मिलते हैं।
1.94 लाख ग्राम पंचायतों ने भाग लिया था
इस साल प्रतियोगिता में 1.94 लाख ग्राम पंचायतों ने भाग लिया। पुरस्कार प्राप्त करने वाली 42 पंचायतों में से 42 प्रतिशत पंचायतें महिला नेतृत्व वाली हैं। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिला के नगरी ब्लॉक के हरदीभाटा गांव को दीनदयाल उपाध्याय पंचायत सतत विकास के अंतर्गत सामाजिक रुपसे न्यायसंगत एवं सामाजिक रूप से संरक्षित पंचायत के तौर पर पुरस्कार मिला है।





