राष्ट्रपति मुर्मू आएंगी छत्तीसगढ़, करेंगी दो बड़ी योजनाओं की शुरुआत

रायपुर। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 20 नवंबर को छत्तीसगढ़ दौरे पर आएंगी। उनके इस दौरे को राज्य सरकार ने बहुत महत्वपूर्ण माना है, क्योंकि वे दो ऐसी योजनाओं की शुरुआत करेंगी, जो सीधे ग्रामीण और आदिवासी समुदायों के विकास से जुड़ी हैं।
राष्ट्रपति मुर्मू अपने दौरे में मुख्यमंत्री वैद्यराज सम्मान निधि योजना की शुरुआत करेंगी। इस योजना के तहत पारंपरिक तरीकों से इलाज करने वाले वैद्यों को हर साल 5 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। इसके लिए राज्य सरकार ने तीन स्तरों वाली चयन प्रक्रिया बनाई है, ताकि सही और योग्य वैद्यों को इस सुविधा का लाभ मिल सके। इस योजना का मकसद पारंपरिक उपचार पद्धतियों को बढ़ावा देना और ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करना है।
इसके साथ ही राष्ट्रपति जनजातीय ग्राम अखरा विकास योजना का भी उद्घाटन करेंगी। इस योजना में आदिवासी देवस्थानों का सुधार और विकास किया जाएगा। हर एक देवस्थान पर 5 लाख से 20 लाख रुपये तक खर्च किए जाएंगे। इस योजना से न सिर्फ धार्मिक स्थलों का संरक्षण होगा, बल्कि इन्हें पर्यटन और सांस्कृतिक गतिविधियों के केंद्र के रूप में भी विकसित किया जाएगा। इससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी और स्थानीय लोगों को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे।





