नक्सलवाद के खात्मे की तैयारी, अप्रैल में दंतेवाड़ा जा सकते हैं गृह मंत्री अमित शाह

दंतेवाड़ा। नक्सलवाद को पूरी तरह खत्म करने के लिए केंद्र सरकार आखिरी प्रहार की रणनीति पर काम कर रही है। केंद्रीय गृह मंत्रालय लगातार अभियान की निगरानी कर रहा है और तय समयसीमा के भीतर नक्सलवाद को खत्म करने की तैयारी जोरों पर है।
सूत्रों के मुताबिक, गृह मंत्री अमित शाह अप्रैल के पहले हफ्ते में दंतेवाड़ा का दौरा कर सकते हैं। उनका यह दौरा 4 या 5 अप्रैल को होने की संभावना है। तीन महीने के भीतर यह दूसरी बार है जब शाह नक्सल प्रभावित इलाकों में जाने वाले हैं, जिससे इस दौरे को काफी अहम माना जा रहा है।
नक्सलियों के खिलाफ कड़ा एक्शन
गृह मंत्री इस दौरे के दौरान जमीनी अभियान की समीक्षा करेंगे और नक्सलवाद के खिलाफ आखिरी लड़ाई की रणनीति को अंतिम रूप देंगे। सुरक्षा एजेंसियों का कहना है कि नक्सलियों के वित्तीय स्रोतों पर पूरी तरह रोक लगाई जा चुकी है, उनकी हथियार सप्लाई चेन भी टूट गई है और अब बचे हुए संसाधनों को खत्म करने की दिशा में तेजी से काम हो रहा है।
2026 तक नक्सलवाद खत्म करने का लक्ष्य
सरकार की योजना के मुताबिक, मार्च 2026 तक नक्सलवाद पूरी तरह खत्म करना है। इसके लिए अक्टूबर 2025 तक हिंसा की घटनाओं को शून्य करना जरूरी होगा। सुरक्षा बलों को भरोसा है कि इस मिशन को तय समय से पहले पूरा कर लिया जाएगा।
सुरक्षा बलों का दबदबा बढ़ा
नक्सली इलाकों में सुरक्षा बलों की पकड़ मजबूत हो रही है। वहां नए कैंप स्थापित किए गए हैं, जहां से अत्याधुनिक ड्रोन और हथियारों की मदद से ऑपरेशन चलाए जा रहे हैं। इलाकों में हेलीपैड बनाए गए हैं, सड़कों का जाल बिछाया गया है और विकास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है।
सरकार की कोशिश है कि नक्सल प्रभावित इलाकों में शांति और विकास दोनों को सुनिश्चित किया जाए, ताकि नक्सलवाद का पूरी तरह से सफाया हो सके।





