रायपुर में जाम से राहत की तैयारी, सर्विस रोड और डिवाइडर बंद करने का फैसला

राजधानी की प्रमुख सड़कों पर लगने वाले जाम से राहत दिलाने के लिए प्रशासन ने सर्विस रोड और डिवाइडर के कट बंद करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस का दावा है कि इस व्यवस्था से रोजाना 10 हजार से अधिक लोगों को फायदा होगा और यातायात सुचारू हो सकेगा।
शहर के अलग-अलग इलाकों में सर्वे के बाद यह पाया गया कि सर्विस रोड और डिवाइडर कट की वजह से यातायात बाधित होता है। इससे स्कूल, कॉलेज और दफ्तर जाने वाले लोग समय पर नहीं पहुंच पा रहे थे। इसी को देखते हुए लाभांडी अग्रसेन धाम चौक में एक ओर की सर्विस रोड को बंद कर दिया गया है।
इस मार्ग से कचना, खम्हारडीह और शंकर नगर जैसे इलाके जुड़े हैं, जहां बड़ी संख्या में आवासीय कॉलोनियां, होटल और व्यावसायिक गतिविधियां संचालित होती हैं। यहां भारी वाहनों और बसों की आवाजाही अधिक होने से जाम की स्थिति बनती थी, जिसे अब नियंत्रित करने की कोशिश की जा रही है।
प्रशासन ने बताया कि अप्रैल से महावीर नगर उद्योग भवन चौक की सर्विस रोड को भी बंद किया जाएगा। इसके बाद तेलघानी रोड और महादेव रोड में भी इसी तरह के प्रयोग किए जाएंगे। कुछ अन्य सड़कों पर भी यातायात सुधार के लिए सर्वे जारी है।
तेलघानी नाका चौक पर शाम के समय भारी वाहनों की नो एंट्री लागू की गई है, जिससे जाम में कमी आई है। यहां आगे वन-वे सिस्टम लागू करने की तैयारी है, जिससे यातायात और बेहतर हो सकेगा।
महावीर नगर उद्योग भवन चौक पर ट्रैफिक दबाव को देखते हुए सर्विस रोड बंद करने के साथ ही अंडरपास जैसे विकल्पों पर भी विचार किया जा रहा है। इस क्षेत्र में रोजाना बड़ी संख्या में वाहन गुजरते हैं और पिछले वर्षों में कई सड़क हादसे भी हो चुके हैं।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, शहर को जाम मुक्त बनाने के लिए विशेषज्ञों की मदद ली जा रही है और आने वाले समय में यातायात व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए चरणबद्ध तरीके से बदलाव किए जाएंगे।





