बिलासपुर में भूमि पूजन के साथ शुरू हुआ गोमाता राष्ट्रमाता प्रतिष्ठा महायज्ञ की तैयारी

बिलासपुर। शहर में 28 मई से 5 जून तक होने वाले गोमाता राष्ट्रमाता प्रतिष्ठा महायज्ञ और भविष्य पुराण कथा की तैयारी शुरू हो गई है। आयोजन से पहले शुक्रवार को रामा वर्ल्ड सिटी में शुभ मुहूर्त में विधि-विधान से भूमि पूजन किया गया।
भूमि पूजन शंकराचार्य स्वामी श्री अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती जी महाराज के कृपापात्र शिष्य हरीश शाह और उनकी पत्नी ने मुख्य यजमान के रूप में करवाया। पूजन आचार्य मेघानंद शास्त्री जी के द्वारा संपन्न कराया गया। इस मौके पर शंकराचार्य आश्रम रायपुर के दंडी स्वामी श्री इन्दुभवानंद तीर्थ जी महाराज और श्री ज्योतिर्मयानंद सरस्वती जी महाराज सहित कई संत-महात्मा उपस्थित रहे।
हरीश शाह ने बताया कि यह आयोजन बिलासपुर और पूरे छत्तीसगढ़ के लिए एक बड़ा सौभाग्य है। पहली बार शहर में गौ प्रतिष्ठा महायज्ञ और भविष्य पुराण कथा का आयोजन होने जा रहा है, जिसे शंकराचार्य जी स्वयं सुनाएंगे।
भूमि पूजन कार्यक्रम में सीएफओ मदन मोहन उपाध्याय, पीतांबरा पीठ से दिनेश महाराज, निखिल आश्रम बहतराई से ब्रह्मचारी वासुदास निखिल जी, हनुमान मंदिर तिलक नगर के पुजारी छोटू महाराज, गौसेवक विपुल शर्मा, गौरव तिवारी, मनोज केडिया, सुभाष अग्रवाल सहित सैकड़ों लोग शामिल हुए।
यह महायज्ञ और पुराण कथा धार्मिक आस्था के साथ-साथ सामाजिक एकता का संदेश भी देगा। आयोजन को लेकर शहर में उत्साह का माहौल है।





