भाजपा संगठन में बदलाव की तैयारी, दिल्ली में फाइनल हुई पदाधिकारियों की सूची

रायपुर। भाजपा के प्रदेश संगठन में बड़े बदलाव की तैयारी पूरी हो गई है। दिल्ली में राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष की मौजूदगी में हुई बैठक में यह तय किया गया कि इस बार भी चार की जगह तीन ही महामंत्री होंगे। रायपुर संभाग से नवीन मार्केंडेय और सरगुजा से अखिलेश सोनी के नाम फाइनल कर दिए गए हैं। दुर्ग के अभिषेक सिंह और बिलासपुर के रजनीश सिंह में से एक को तीसरे महामंत्री के रूप में चुना जाएगा।
इस बैठक में कुल 24 पदाधिकारियों के नाम फाइनल किए गए हैं। इनमें 6 प्रदेश उपाध्यक्ष, 6 मंत्री, 8 प्रवक्ता, एक कोषाध्यक्ष, 7 मोर्चा और 17 प्रकोष्ठों के अध्यक्ष शामिल हैं। नंदन जैन कोषाध्यक्ष के रूप में बरकरार रहेंगे। दो मंत्रियों को उपाध्यक्ष और दो प्रवक्ताओं को मंत्री बनाए जाने की योजना है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरणसिंह देव ने संगठन विस्तार के संकेत देते हुए कहा कि बदलाव की प्रक्रिया तेजी से चल रही है। जानकारी के अनुसार 10 अगस्त से पहले सभी नियुक्तियों की सूची जारी कर दी जाएगी। करीब 10 निगम-मंडल के अध्यक्ष और 70 पदों पर राजनीतिक नियुक्तियाँ अभी लंबित हैं।
महिलाओं को 30 प्रतिशत प्रतिनिधित्व देने का निर्णय
महिलाओं को 30% प्रतिनिधित्व देने का निर्णय हुआ है। भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष के लिए 6 नामों का पैनल सामने आया है, जिसमें राम कुमार टोप्पो, राहुल टिकरिहा, भूपेंद्र नाग, जितेंद्र देवांगन, मोनू सिंह बहादुर और अंकित जायसवाल शामिल हैं। बैठक के बाद मंत्रिमंडल विस्तार की सुगबुगाहट भी तेज हो गई है, संभावना है कि जल्द दो नए मंत्री नियुक्त किए जाएं।





