न्यायधानी में बिजली कटौती से रहवासी परेशानी, सब स्टेशन का घेराव करके किया हंगामा

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ की न्यायधानी के नाम से मशहूर बिलासपुर जिले में बदहाल बिजली व्यवस्था को लेकर लोगों का गुस्सा अब फूटने लगा है। सिरगिट्टी क्षेत्र में भीषण गर्मी और बार-बार हो रही बिजली कटौती से परेशान लोगों ने सोमवार को सिरगिट्टी सब स्टेशन का घेराव किया। बड़ी संख्या में लोग वहां इकट्ठा हुए और बिजली विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
प्रदर्शनकारियों का कहना था कि बिजली कटौती अब आम समस्या बन गई है। गर्मी में राहत की बजाय लोगों को और ज्यादा परेशानी झेलनी पड़ रही है। विभाग सिर्फ आश्वासन देता है, लेकिन जमीनी स्तर पर कोई सुधार नहीं हो रहा।
लोगों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि लंबे समय से इस समस्या को लेकर शिकायतें की जा रही हैं, लेकिन कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। विभाग की ओर से लोड बढ़ने और जरूरी उपकरणों की कमी को कारण बताया गया है।
इस दौरान मौके पर पहुंचे स्थानीय पार्षद ने भी विभाग को चेतावनी दी कि अगर जल्द समाधान नहीं किया गया तो आने वाले दिनों में आंदोलन और तेज किया जाएगा। प्रदर्शन शांति पूर्वक रहा, लेकिन लोगों की नाराजगी साफ नजर आई।





