गर्मी में बिजली गुल: बिलासपुर में हवा-बारिश बनी बहाना, लोग परेशान

बिलासपुर, छत्तीसगढ़ | 30 अप्रैल 2025
गर्मी के बढ़ते तापमान के बीच बिलासपुर जिले में बिजली कटौती ने आम लोगों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। शहर के अलग-अलग इलाकों में हर दिन दोपहर से रात तक बिजली गायब रहने की शिकायतें सामने आ रही हैं। आमजन अब न गर्मी से राहत पा रहे हैं, न बिजली विभाग की जिम्मेदारी से।
हवाओं के साथ ही कट जाती है बिजली
जैसे ही शाम के समय तेज हवा या हल्की बारिश शुरू होती है, बिजली आपूर्ति अचानक बंद हो जाती है। रातभर लोग अंधेरे और उमस के बीच परेशान रहते हैं, लेकिन बिजली विभाग इस पर चुप्पी साधे बैठा है। स्थिति यह है कि दोपहर के समय भी घंटों तक बिजली नहीं रहती, जिससे घरेलू काम से लेकर छोटे व्यवसाय तक बुरी तरह प्रभावित हो रहे हैं।
कॉल सेंटर भी ‘साइलेंट’
लोगों का कहना है कि बिजली गुल होने के बाद जब वे कॉल सेंटर पर संपर्क करने की कोशिश करते हैं, तो वहां से कोई जवाब नहीं मिलता। कॉल करने पर घंटी बजती रहती है, लेकिन बिजली विभाग का कोई कर्मचारी फोन नहीं उठाता। ऐसे में नागरिकों को बिना किसी जानकारी के इंतजार करना पड़ता है।
मेंटेनेंस या बहाना?
बिजली विभाग हर बार की तरह इस बार भी मेंटेनेंस और मौसम का बहाना बना रहा है। कार्यपालन अभियंता सैयद मुख्तार ने बताया कि:
पिछले कुछ दिनों से चल रही तेज हवाओं और बारिश की वजह से बिजली आपूर्ति में दिक्कत आई है, लेकिन हमारी टीम लगातार सुधार कार्य में जुटी है।
हालांकि स्थानीय लोग इसे सिर्फ दिखावटी जवाब मानते हैं। उनका कहना है कि हर साल गर्मी के मौसम में यही समस्या होती है, लेकिन कोई स्थायी समाधान नहीं निकाला जाता।
जनता का सवाल: कब मिलेगी राहत?
बिलासपुर शहर की जनता का अब सब्र टूटता जा रहा है। नागरिकों की मांग है कि बिजली विभाग सिस्टम को मजबूत बनाए, ताकि हर बार हवा और बारिश को बहाना न बनाया जाए।





