भक्त माता कर्मा की 1009वीं जयंती पर डाक टिकट का विमोचन

रायपुर:छत्तीसगढ़ की धरती आज एक ऐतिहासिक क्षण की साक्षी बनी, जब भक्त माता कर्मा की 1009वीं जयंती के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने राजधानी रायपुर स्थित कर्माधाम परिसर में माता कर्मा को समर्पित डाक टिकट का भव्य विमोचन किया। यह डाक टिकट माता कर्मा के त्याग और समर्पण को अमर करने के साथ-साथ साहू समाज के गौरवशाली इतिहास और सांस्कृतिक परंपरा को राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिष्ठा प्रदान करेगा।
मुख्यमंत्री ने की पूजा-अर्चना और नवदंपतियों को दिया आशीर्वाद
मुख्यमंत्री श्री साय ने भक्त माता कर्मा मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों के सुख-समृद्धि की कामना की। इस अवसर पर आयोजित आदर्श विवाह समारोह में शामिल नवदंपतियों को आशीर्वाद देते हुए उन्होंने समाज की एकजुटता और संस्कारशीलता की सराहना की।
उन्होंने कहा कि माता कर्मा का जीवन निष्ठा, बलिदान और भक्ति की अद्वितीय मिसाल है। उनके सम्मान में जारी यह डाक टिकट भविष्य की पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगा। उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि साहू समाज की इस ऐतिहासिक मांग को पूरा किया गया है।
धार्मिक स्थलों के विकास को मिलेगी गति
मुख्यमंत्री श्री साय ने यह भी जानकारी दी कि राजिम माता की मूर्ति स्थापना सहित अन्य विकास कार्यों के लिए पहले घोषित 5 करोड़ रुपये की राशि अब बजट में शामिल कर दी गई है। इससे साहू समाज के धार्मिक स्थलों के विकास को नई गति मिलेगी और श्रद्धालुओं की सुविधाओं में वृद्धि होगी।
उप मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री ने व्यक्त की श्रद्धा
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने माता कर्मा के प्रति श्रद्धा व्यक्त करते हुए कहा कि उनका आशीर्वाद समाज और प्रदेश के कल्याण का मार्ग प्रशस्त करेगा। यह डाक टिकट मातृशक्ति के सम्मान का प्रतीक है और महिलाओं की भूमिका को रेखांकित करता है।
केंद्रीय राज्य मंत्री श्री तोखन साहू ने कहा कि यह डाक टिकट माता कर्मा के संघर्ष, सेवा और त्याग की राष्ट्रीय मान्यता का प्रतीक है। उन्होंने इसे तैलिक समाज के लिए गौरव का क्षण बताते हुए कहा कि यह समाज की समृद्ध परंपरा का प्रमाण है।
गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में दर्ज हुआ माता कर्मा आश्रम का नाम
इस भव्य समारोह में छत्तीसगढ़ साहू समाज के अध्यक्ष श्री टहल सिंह साहू ने स्वागत उद्बोधन दिया। इस अवसर पर संत माता कर्मा आश्रम शक्तिपीठ रायपुर को सामाजिक योगदान के लिए “गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स” से सम्मानित किया गया। यह पूरे साहू समाज के लिए गर्व का विषय बना।
इस ऐतिहासिक आयोजन में विधायक श्री मोतीलाल साहू, श्री पवन साय, विधायक श्री दीपेश साहू, विधायक श्री संदीप साहू, डाक सेवाएं निदेशक श्री दिनेश मिस्त्री सहित साहू समाज के कई गणमान्य नागरिक, प्रतिनिधि और श्रद्धालुजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।





