पुलिस बनकर पेट्रोल पंप से डीजल की ठगी – आरोपी गिरफ्तार

बिलासपुर।शहर में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक युवक ने खुद को पुलिस गाड़ी का ड्राइवर बताकर पेट्रोल पंप से डीजल भरवाया और 54,800 रुपये की ठगी कर ली। आरोपी को सिविल लाइन पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
पूरा मामला जरहाभाठा मंदिर चौक के पास स्थित एक निजी पेट्रोल पंप का है। 16 नवंबर 2024 को एक युवक स्कार्पियो गाड़ी लेकर पंप पर आया और खुद को पुलिस विभाग की गाड़ी का ड्राइवर बताया। उसने पंप कर्मियों से कहा कि गाड़ी सरकारी काम में इस्तेमाल हो रही है, इसलिए डीजल उधार में डाल दें।
उस दिन के बाद से वह कई बार पंप पर आया और लगातार डीजल भरवाता रहा। 9 मार्च 2025 तक उसने कुल 54,800 रुपये का डीजल भरवाया।
जब पेट्रोल पंप की उधारी ज्यादा हो गई, तो पंप मैनेजर तुलसीदास मानिकपुरी ने युवक से भुगतान की मांग की। इस पर युवक ने एक चेक दिया, लेकिन वह चेक बैंक में बाउंस हो गया।
बाद में जांच में पता चला कि युवक की गाड़ी का पुलिस विभाग से कोई लेना-देना नहीं है। इसकी जानकारी मिलते ही सिविल लाइन पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
अब पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है कि उसने यह ठगी और कहां-कहां की है।
पुलिस की अपील:
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अगर कोई खुद को पुलिस कर्मी या सरकारी कर्मचारी बताकर उधारी में सामान या सेवाएं लेने की कोशिश करे, तो पहले उसकी पहचान की अच्छे से जांच कर लें।





