छत्तीसगढ़ में गैस सिलेंडर संकट पर सियासी संग्राम, सोशल मीडिया पर छिड़ी ‘सच बनाम दावे’ की जंगc

छत्तीसगढ़ में इन दिनों गैस सिलेंडर की उपलब्धता को लेकर लोगों की परेशानी लगातार बढ़ती नजर आ रही है। रायपुर, दुर्ग-भिलाई और बिलासपुर जैसे बड़े शहरों से सोशल मीडिया पर बड़ी संख्या में वीडियो, तस्वीरें और पोस्ट सामने आ रहे हैं, जिनमें गैस एजेंसियों के बाहर लंबी कतारें, खाली सिलेंडर और इंतजार करते उपभोक्ता दिखाई दे रहे हैं।

फेसबुक, इंस्टाग्राम, वॉट्सऐप और एक्स जैसे प्लेटफॉर्म्स पर लोग न सिर्फ अपनी समस्याएं साझा कर रहे हैं, बल्कि इस मुद्दे पर मीम्स और वीडियो बनाकर भी आक्रोश जता रहे हैं। इसी बीच गैस सिलेंडर संकट को लेकर राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है।

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने हाल ही में सोशल मीडिया पर एक पोस्ट कर पूछा था कि लोगों को गैस सिलेंडर मिल रहा है या नहीं। उनके इस सवाल पर कई यूजर्स ने सकारात्मक प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उन्हें सिलेंडर मिल रहा है। इसके बाद भाजपा ने बघेल के पोस्ट को साझा करते हुए तंज कसा कि भ्रम फैलाने की कोशिश की जा रही है, जबकि जनता ने खुद सच्चाई बता दी।

इसके जवाब में भूपेश बघेल ने एक और पोस्ट शेयर कर ऐसे कमेंट्स और वीडियो सामने रखे, जिनमें लोगों ने सिलेंडर न मिलने और देरी की समस्या बताई। इस तरह सोशल मीडिया पर ‘सच बनाम दावे’ की बहस तेज हो गई है।

इस बीच तिल्दा-नेवरा क्षेत्र से एक वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें लोग गैस एजेंसी के बाहर अपने सिलेंडर कार्ड जमीन पर रखकर नंबर लगाने के बाद छांव में इंतजार करते नजर आ रहे हैं। वहीं कई यूजर्स ने एआई तकनीक का इस्तेमाल कर सिलेंडर संकट पर व्यंग्यात्मक वीडियो भी बनाए हैं।

कुछ वायरल कंटेंट में गैस सिलेंडर को ‘सोने से भी कीमती’ बताया जा रहा है, तो कहीं इंडक्शन चूल्हे और लकड़ी के चूल्हे को विकल्प के रूप में दिखाया गया है। एक वीडियो में सिलेंडर के ‘अंतिम संस्कार’ का दृश्य दिखाकर स्थिति पर कटाक्ष किया गया है। वहीं ग्रामीण इलाकों से जुड़े वीडियो में लोग दोबारा पारंपरिक ईंधन जैसे लकड़ी और गोबर का इस्तेमाल करते नजर आ रहे हैं।

भिलाई और दुर्ग क्षेत्र में भी कई उपभोक्ताओं ने शिकायत की है कि गैस बुकिंग के कई दिन बाद भी डिलीवरी नहीं हो रही है और उन्हें एजेंसियों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। सोशल मीडिया पर ऐसे कई पोस्ट सामने आए हैं, जो लोगों की नाराजगी को दर्शाते हैं।

स्थानीय सोशल मीडिया पेज और न्यूज हैंडल भी लगातार एजेंसियों के बाहर की भीड़ और उपभोक्ताओं के बयान साझा कर रहे हैं। कुछ लोगों का कहना है कि सप्लाई में कमी के कारण यह स्थिति बनी है, हालांकि प्रशासन का दावा है कि गैस की आपूर्ति सामान्य है और व्यवस्था को जल्द ही पूरी तरह दुरुस्त कर लिया जाएगा।

इस पूरे मामले में एक तरफ आम लोग अपनी परेशानी जाहिर कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर राजनीतिक दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है, जिससे यह मुद्दा अब सियासी रंग भी ले चुका है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई