भाजपा में सीएम की कुर्सी को लेकर सियासी हलचल, जयराम-धूमल खेमे में बढ़ी खींचतान

मंडी। हिमाचल प्रदेश में पंच परमेश्वर चुनावों की आहट के बीच भाजपा के अंदर “भावी मुख्यमंत्री” को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। मंडी में आयोजित भाजयुमो के कार्यक्रम में जयराम ठाकुर और अनुराग ठाकुर के समर्थकों के बीच सीएम पद को लेकर नारेबाजी हो गई।
दरअसल, अनुराग ठाकुर के समर्थकों ने नारा लगाया— “हिमाचल का सीएम कैसा हो, अनुराग जैसा हो”। इस पर पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने बिना नाम लिए पलटवार कर दिया। उन्होंने कहा कि अगर पिछले विधानसभा चुनाव में भाजपा के बड़े नेताओं ने अपने कद के अनुरूप काम किया होता, तो आज भाजपा सत्ता में होती।
जयराम ठाकुर का यह बयान सीधा प्रेम कुमार धूमल और अनुराग ठाकुर पर निशाना माना जा रहा है। उन्होंने कहा कि बड़े नामों की मौजूदगी के बावजूद भाजपा को कोई खास फायदा नहीं मिला।
गौरतलब है कि 2022 के विधानसभा चुनाव में भाजपा को 68 में से सिर्फ 25 सीटें मिली थीं, जबकि मंडी जिले में पार्टी ने 9 सीटें जीती थीं। वहीं, हमीरपुर जिले में भाजपा केवल एक सीट जीत पाई थी।
राज्य में भाजपा के भीतर वर्चस्व की जंग एक बार फिर सामने आ गई है। जयराम ठाकुर और धूमल खेमे के बीच खींचतान साफ झलकने लगी है। जानकारों का कहना है कि भाजपा को सत्ता की आहट मिलते ही अंदर ही अंदर सीएम की गोटियां बिछाई जाने लगी हैं।





